बेमेतरा/ छत्तीसगढ़_शुक्रवार, दिनांक 17 अक्टूबर 2025
बेमेतरा पुलिस विभाग द्वारा शुक्रवार को पुलिस ग्राउंड, कवर्धा रोड में “पुलिस-प्रेस दीपावली मिलन समारोह” का भव्य आयोजन किया गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रामकृष्ण साहू के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम में जिले के प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक, डिजिटल एवं वेब मीडिया से जुड़े पत्रकारों ने बड़ी संख्या में भाग लिया। आयोजन का उद्देश्य पुलिस और मीडिया के बीच समन्वय, सहयोग एवं सौहार्द को बढ़ावा देना रहा।
कार्यक्रम की शुरुआत एसएसपी रामकृष्ण साहू द्वारा दीपावली की शुभकामनाएं देते हुए की गई। उन्होंने पत्रकारों से संवाद करते हुए कहा कि दीपावली जैसे पर्व समाज में आपसी भाईचारे और विश्वास को मजबूत करते हैं। कार्यक्रम में सभी ने साथ बैठकर चाय-नाश्ते व स्वादिष्ट व्यंजनों का आनंद लिया, जिसमें पकौड़ी, जलेबी, लड्डू, भजिया और फ्रूट सलाद प्रमुख रहे। पूरी व्यवस्था पुलिस विभाग द्वारा की गई थी, जिससे आयोजन पूरी तरह सुव्यवस्थित और आत्मीय रहा।
कार्यक्रम के दौरान प्रेस व पुलिस के बीच संवाद सत्र भी हुआ, जिसमें सकारात्मक पत्रकारिता, जनसेवा और सामाजिक समरसता जैसे विषयों पर चर्चा की गई। श्रमजीवी पत्रकार संघ ने ‘स्वदेशी से राष्ट्र निर्माण’ की बात रखते हुए पर्यावरण संरक्षण में मीडिया की भूमिका को भी रेखांकित किया। चर्चा में समाज के वैचारिक सुधार और भारतीय दर्शन के वैश्विक महत्व पर भी विचार रखे गए।
समापन के अवसर पर एसएसपी रामकृष्ण साहू ने सभी पत्रकारों को लक्ष्मी माता की प्रतिमा व मिठाई का पैकेट भेंट कर दीपावली की शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती ज्योति सिंह, डीएसपी राजेश झा, एसडीओपी विनय कुमार सहित जिले के अनेक वरिष्ठ अधिकारी व श्रमजीवी पत्रकार संघ और सिटी प्रेस क्लब के पत्रकार उपस्थित रहे। यह आयोजन पुलिस और मीडिया के रिश्तों को और अधिक मजबूत बनाने की दिशा में एक सराहनीय पहल सिद्ध हुआ।


