36.3 C
Raipur
Saturday, March 7, 2026

पंडरिया शक्कर कारखाना श्रमिकों का अनिश्चितकालीन धरना

Must read

लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल पंडरिया जिला कबीरधाम सहकारी शक्कर कारखाने में श्रमिक धरना

पंडरिया/कबीरधाम | 03 नवंबर 2025

लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल सहकारी शक्कर कारखाना, पंडरिया में श्रमिकों के साथ हो रहे कथित अन्याय और कारखाना प्रबंधन के तानाशाही रवैये के विरोध में भारतीय मजदूर संघ (BMS) ने अनिश्चितकालीन धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया है। श्रमिकों की बड़ी संख्या कारखाने परिसर में एकत्र होकर अपने अधिकारों की मांग को लेकर नारेबाजी कर रही है।

संघ का आरोप है कि कारखाना प्रबंधक पिछले आठ वर्षों से लगातार कार्यरत श्रमिकों को नौकरी से निकालने की धमकी दे रहा है। इस विषय पर पूर्व में कलेक्टर के समक्ष समझौता भी हो चुका था, किंतु प्रबंधन द्वारा कलेक्टर के आदेशों की खुलेआम अवहेलना की जा रही है। भारतीय मजदूर संघ ने इस संबंध में कई बार पत्राचार किया — पत्र क्रमांक 16 (दिनांक 04.09.2025), स्मरण पत्र क्रमांक 18 (दिनांक 16.10.2025) और पत्र क्रमांक 20 (दिनांक 24.10.2025) के माध्यम से — लेकिन अब तक कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया।

संघ ने 27 से 31 अक्टूबर 2025 तक टूल-डाउन आंदोलन चलाया था, परंतु प्रबंधन की चुप्पी बरकरार रही। इसके बाद मजबूर होकर 1 नवंबर 2025 से संघ ने अनिश्चितकालीन धरना शुरू कर दिया है। भारतीय मजदूर संघ के पदाधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि जब तक श्रमिकों की मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया जाता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। इस धरने में लगभग 300 श्रमिक संघ के बैनर तले शामिल हैं।
संघ ने प्रशासन को चेतावनी दी है कि यदि आंदोलन के दौरान उत्पादन में हानि या किसी अन्य प्रकार की अव्यवस्था होती है, तो उसकी पूर्ण जिम्मेदारी कारखाना प्रबंधन और संबंधित प्रशासनिक अधिकारियों की होगी। श्रमिकों का कहना है कि वे अपने हक और न्याय की लड़ाई अंत तक लड़ेंगे और जब तक उनके साथ न्याय नहीं होता, आंदोलन समाप्त नहीं किया जाएगा।

- Advertisement -spot_img

More articles

- Advertisement -spot_img

Latest article