रविवारीय, 15 नवंबर 2026
आज समाज में जो कुछ चल रहा है, उसे शांत दिमाग से सोचने की जरूरत है । बागेश्वर धाम और यादव समाज की आपसी विरोध।
— ‘जन चौपाल 36′ की विशेष कलम से।
आज जरूरत इस बात की है कि हम छोटी-मोटी लड़ाइयों और बहसों से बाहर निकलकर इसी जन-चेतना को जगाएं। जब समाज इस गहरी सोच को समझेगा, तभी असली शांति और भाईचारा कायम होगा।
शिव के ‘रूप’ और विष्णु के ‘अवतार’ में क्या फर्क है?
आजकल समाज में धर्म और जातियों को लेकर अजीब सा माहौल बना हुआ है। कभी बागेश्वर धाम और यादव समाज के बीच कुछ बातों को लेकर तनातनी हो जाती है, तो कभी किसी और बात पर बहस छिड़ जाती है।
“आग समाज में लगती है और रोटियाँ सियासत के जादूगर सेकते हैं—कब तक चलेगा यह खेल और कब जागेगी हमारी जनता?”
जब आस्था सियासत या गुस्से का अखाड़ा बन जाती है, तो असली ज्ञान और दर्शन कहीं पीछे छूट जाता है। इन सब के बीच, अगर हम थोड़ा रुककर शिव और विष्णु के रहन-सहन, उनके स्वरूप और ‘रूप’ व ‘अवतार’ के फर्क को समझ लें, तो शायद आधे विवाद ऐसे ही खत्म हो जाएंगे।
हिमालय की ठंडक और सागर की हलचल
हमारे यहाँ भगवानों के रहने की जगहों का भी बहुत बड़ा संदेश है। भगवान शिव को देखिए—वे हिमालय की बर्फीली चोटियों पर रहते हैं। वहाँ एकदम शांति है, बर्फ की सफेदी है और शीतल चाँदनी है।
दूसरी तरफ, विष्णु भगवान क्षीरसागर (दूध के समुद्र) में रहते हैं, जहाँ हमेशा लहरें उठती रहती हैं, हलचल रहती है।
शायद इसीलिए उन्हें ‘शान्ताकारं भुजगशयनम्’ कहा गया है—यानी जो इतनी उथल-पुथल और लहरों के बीच भी एकदम शांत लेटे रहते हैं।
दुनिया को संभालने और धर्म को बचाने के लिए विष्णु भगवान को बार-बार धरती पर उतरना पड़ा। पुराणों में उनके 24 अवतारों की बात कही गई है। वहीं, शिवजी के ‘एकादश रुद्र’ यानी 11 रूप बताए गए हैं।
‘अवतार’ और ‘रूप’ का फर्क समझना होगा
आज जो विवाद खड़े होते हैं, उसकी एक बड़ी वजह यह है कि हम शब्दों के मतलब ठीक से नहीं समझते।
अवतार का मतलब: जब भगवान खुद साक्षात रूप में धरती पर प्रकट होते हैं। जैसे श्रीराम और श्रीकृष्ण—ये विष्णु जी के अवतार हैं। कई किताबों में तो इनके बचपन की लीलाओं का ऐसा सुंदर वर्णन है कि मानो भगवान खुद बच्चे बनकर खेल रहे हों।
रूप का मतलब: जब कोई मूल शक्ति अपनी ही ऊर्जा से किसी और रूप को सामने लाती है, ताकि एक नया प्रतिमान बने। शिवजी के जो रूप हैं, वे इसी का हिस्सा हैं।
जब हम इन दोनों बातों में फर्क समझ जाएंगे, तो यह बहस ही खत्म हो जाएगी कि कौन बड़ा और कौन छोटा।
ऊपर चोटी, नीचे गहराई और बीच में हम लोग
प्रकृति का संतुलन भी गजब का है। एक तरफ शिवजी हैं जो हिमालय की सबसे ऊंची चोटी पर समाधि लगाकर बैठे हैं। दूसरी तरफ विष्णु भगवान हैं जो सागर की गहराइयों में, लहरों के बीच योगनिद्रा में डूबे हैं।
एक मज़ेदार बात देखिए—साँप दोनों के साथ है! शिवजी के गले में हार बनकर लिपटा है, और विष्णु भगवान के लिए वही साँप बिस्तर (शय्या) बना हुआ है। दोनों यही सिखाते हैं कि चाहे ज़हरीली परिस्थितियां हों या हलचल, उन्हें अपने वश में कैसे रखना है।
शिवजी शांत चेतना के प्रतीक हैं और विष्णु जी गहरी चेतना के। और इन दोनों के बीच में हैं ब्रह्मा जी, जिन्हें आप ‘जन-चेतना’ मान सकते हैं—जो न तो हिमालय की बर्फ पर हैं और न समुद्र की गहराई में, बल्कि हम सबकी तरह इसी धरती पर जीवन जी रहे हैं।
बात अपनी-अपनी: यह विचार मेरा है, किसी की आस्था को ठेस पहुँचाने के लिए नहीं, बल्कि चीजों को जरा गहराई से और शांति से देखने के लिए।
