“पीएमओ अब ‘सेवा तीर्थ’, राजभवन बनेगा ‘लोक भवन'”
नई दिल्ली (02 दिसम्बर 2025): खबरसूत्र:_पीआईबी
केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री श्री अमित शाह ने कहा है कि पिछले 11 वर्षों से मोदी सरकार सत्ता नहीं, सेवा की मिसाल रही है। देश के सर्वोच्च नेतृत्व ने स्वयं को प्रधान सेवक मानकर जनता के लिए सातों दिन, 24 घंटे निरंतर कार्य किया है।
प्रधानमंत्री कार्यालय का नाम ‘सेवा तीर्थ’ और राजभवन-राज निवास का ‘लोक भवन’, ‘लोक निवास’ किया गया
उन्होंने बताया कि इसी सेवा के संकल्प को आगे बढ़ाते हुए प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने प्रधानमंत्री कार्यालय का नाम अब से ‘सेवा तीर्थ’ रखा है। साथ ही राजभवन और राज निवास का नाम बदलकर क्रमशः ‘लोक भवन’ और ‘लोक निवास’ कर दिया गया है।
श्री अमित शाह ने कहा कि ये बदलाव सेवा और सुशासन को सर्वोपरि रखते हुए विकसित भारत के निर्माण की स्वर्णिम यात्रा में एक महत्वपूर्ण कदम हैं। यह निर्णय हर क्षेत्र में श्रेष्ठता और समर्पण के प्रतीक के रूप में लिया गया है।


