एनडीए को दिया गया वोट बिहार की स्थिरता और समृद्धि के लिए दिया गया वोट है: भागलपुर में पीएम मोदी
बिहार चुनाव 2025/6th नवम्बर 2025
भागलपुर में हुई विशाल जनसभा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विपक्ष पर जोरदार प्रहार किया। उन्होंने कहा कि बिहार के विकास को रोकने वाली RJD-कांग्रेस की जोड़ी अब फिर से जंगलराज लाना चाहती है, लेकिन बिहार की जनता विकास के साथ है।
पीएम मोदी ने कहा,
“आपका सपना ही मेरा संकल्प है। एनडीए का लक्ष्य सबको पढ़ाई, सबको दवाई, सबकी कमाई, सबकी सुनवाई और हर खेत तक सिंचाई है।”
पीएम मोदी ने RJD के 15 साल के शासन को“जीरो रिपोर्ट कार्ड” बताया
और कहा कि उस दौर में न विकास था, न स्थिरता। उन्होंने आरोप लगाया कि अगर आज भी बिहार का “सबसे भ्रष्ट परिवार” सत्ता में होता, तो जन-धन योजना के पैसे गरीबों के खातों में नहीं, नेताओं की तिजोरियों में जाते।
भागलपुर की ऐतिहासिक धरती को नमन करते हुए पीएम ने कहा कि विक्रमशिला की भूमि ने हमेशा देश को दिशा दी है। उन्होंने भागलपुर के रेशम, मंजूषा आर्ट, मधुबनी पेंटिंग, दरभंगा के मखाने और मुजफ्फरपुर की लीची को बिहार की शान बताया।
मोदी ने कांग्रेस-आरजेडी गठबंधन पर तंज कसते हुए कहा कि “RJD के पोस्टरों में कांग्रेस गायब है, और कांग्रेस की रैलियों में RJD का नाम तक नहीं लिया जाता। ऐसी छूआछूत वाली जोड़ी बिहार को क्या देगी?”
प्रधानमंत्री ने कहा कि एनडीए बिहार को टेक्सटाइल, टूरिज्म और टेक्नोलॉजी का हब बनाएगा।
सभा के अंत में उन्होंने जनता से अपील की —
“बिहार की स्थिरता और समृद्धि के लिए एनडीए को आशीर्वाद दीजिए।”


