प्रधानमंत्री कार्यालय के अनुसार, हर नया फ्लैट लगभग 5,000 वर्ग फुट के कारपेट एरिया में बना है। इन फ्लैटों का डिज़ाइन ऐसा है कि सांसद अपने घर से ही अपने आधिकारिक और सार्वजनिक कार्य आसानी से कर सकें।
Janchoupal 36_11/08/2025
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज बाबा खड़क सिंह मार्ग पर सांसदों के लिए बने 184 नए टाइप-VII बहुमंजिला फ्लैटों का उद्घाटन किया।
इस मौके पर उन्होंने परिसर में पौधे भी लगाए और कहा कि यह कदम सांसदों के जीवन को आसान बनाएगा।
परिसर के चार टावरों का नाम देश की चार महान नदियों – कृष्णा, गोदावरी, कोसी और हुगली – के नाम पर रखा गया है।
पीएम मोदी ने कहा कि जैसे नदियां जीवनदायिनी होती हैं, वैसे ही ये आवास सांसदों के जीवन में नई ऊर्जा का संचार करेंगे।
प्रधानमंत्री ने बताया कि पहले कई सांसद पुराने और जर्जर सरकारी मकानों में रहते थे, जिससे उन्हें काफी दिक्कतें आती थीं। नए फ्लैट इस समस्या का समाधान करेंगे और सांसद अपनी ऊर्जा जनता की सेवा में बेहतर ढंग से लगा सकेंगे।
पीएम मोदी ने कहा कि 2004 से 2014 के बीच सांसदों के लिए एक भी नया आवास नहीं बना, जबकि 2014 के बाद इसे मिशन मोड में लिया गया। अब तक लगभग 350 नए सांसद आवास तैयार हो चुके हैं।
पीएम मोदी ने यह भी बताया कि सरकारी आवास की कमी के कारण पहले काफी खर्च बढ़ जाता था, लेकिन अब इन फ्लैटों के बन जाने से जनता का पैसा भी बचेगा। साथ ही, कर्तव्य पथ पर बने कॉमन सेंट्रल सेक्रेटरिएट की तरह यह परियोजना भी दिल्ली में सरकारी ढांचे को और बेहतर बनाएगी।


