दिल्ली में शानदार आगाज़; पीएम मोदी ने किया स्वागत
28/09/2025
जनचौपाल36
नई दिल्ली/भारत: वर्ल्ड पैरा एथलेटिक्स चैंपियनशिप 2025 का बुधवार, 25 सितंबर को नई दिल्ली के जवाहरलाल नेहरू इंटरनेशनल स्टेडियम में रंगारंग समारोह के साथ शानदार आगाज़ हुआ। भारत पहली बार इस प्रतिष्ठित वैश्विक प्रतियोगिता की मेजबानी कर रहा है।
इस ऐतिहासिक अवसर पर, प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने सभी खिलाड़ियों और प्रतिनिधियों का हार्दिक स्वागत किया। प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (X) पर पोस्ट करते हुए चैंपियनशिप को “मानवीय संकल्प और जज़्बे का उत्सव” बताया।
उन्होंने लिखा, “भारत को गर्व है कि वह वर्ल्ड पैरा एथलेटिक्स चैंपियनशिप 2025 की मेजबानी कर रहा है, जो आज से दिल्ली में शुरू हो रही है। सभी प्रतिभागियों का हार्दिक स्वागत और शुभकामनाएँ।”
प्रधानमंत्री ने उम्मीद जताई कि यह प्रतियोगिता “एक अधिक समावेशी और जीवंत खेल संस्कृति को दुनिया भर में प्रेरित करेगा।”
104 देशों के 2200 एथलीट ले रहे हिस्सा
यह चैंपियनशिप 27 सितंबर से 5 अक्टूबर तक चलेगी, जिसमें 104 देशों के लगभग 2200 एथलीट हिस्सा ले रहे हैं। भारत के लिए यह खेल महोत्सव इसलिए भी खास है क्योंकि देश के 73 एथलीट इस मेगा इवेंट में अपने कौशल का प्रदर्शन करेंगे और पदक के लिए चुनौती पेश करेंगे।
भारत, इस चैंपियनशिप की मेजबानी करने वाला चौथा एशियाई देश बन गया है। इससे पहले, इस इवेंट का आयोजन एशिया में कतर (2015), संयुक्त अरब अमीरात (UAE) (2019), और जापान (2024) में हो चुका है।
इस भव्य आयोजन से न केवल भारत की खेल जगत में एक प्रमुख केंद्र के रूप में बढ़ती पहचान मजबूत हुई है, बल्कि यह देश में समावेशी खेल संस्कृति को बढ़ावा देने और दिव्यांग एथलीटों के असाधारण साहस और प्रतिभा को सम्मानित करने की दिशा में एक बड़ा कदम है। यह चैंपियनशिप वैश्विक पटल पर भारत की संगठनात्मक क्षमताओं को दर्शाने का भी एक महत्वपूर्ण अवसर है।


