नई दिल्ली/रायपुर, 09 जनवरी।
“गुणवत्तापूर्ण शिक्षा ही राष्ट्र निर्माण की सबसे मजबूत आधारशिला है।” यह विचार रायपुर सांसद एवं वरिष्ठ भाजपा नेता श्री बृजमोहन अग्रवाल ने गुरुवार को नई दिल्ली स्थित लोकसभा सचिवालय में आयोजित Estimates Committee की महत्वपूर्ण बैठक के दौरान व्यक्त किए। बैठक की अध्यक्षता समिति अध्यक्ष डॉ. संजय जायसवाल ने की।
बैठक का मुख्य उद्देश्य देश की शिक्षा व्यवस्था को और अधिक किफायती, सुलभ, समावेशी एवं गुणवत्तापूर्ण बनाने के लिए आवश्यक बजटीय प्रावधानों और नीतिगत सुधारों पर गहन चर्चा करना रहा। इस अवसर पर शिक्षा मंत्रालय (स्कूल शिक्षा एवं साक्षरता विभाग) के वरिष्ठ अधिकारियों ने समिति के समक्ष विस्तृत प्रस्तुतीकरण दिया, जिसमें स्कूल शिक्षा की वर्तमान स्थिति, बजट के प्रभावी उपयोग, योजनाओं की प्रगति तथा भावी रोडमैप पर प्रकाश डाला गया।
बैठक में केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) की भूमिका, उसकी कार्यप्रणाली, पाठ्यक्रम की गुणवत्ता, शिक्षक प्रशिक्षण, डिजिटल शिक्षा तथा मूल्यांकन प्रणाली को और अधिक सुदृढ़ बनाने के उपायों पर विशेष फोकस किया गया। साथ ही ग्रामीण एवं पिछड़े क्षेत्रों में शिक्षा की पहुंच बढ़ाने, आधारभूत ढांचे के सुदृढ़ीकरण और तकनीक आधारित शिक्षण को प्रोत्साहित करने पर भी विचार-विमर्श हुआ।
इस दौरान सांसद श्री बृजमोहन अग्रवाल ने छत्तीसगढ़ सहित देशभर में शिक्षा क्षेत्र में संसाधनों के पारदर्शी एवं प्रभावी उपयोग, समान शैक्षिक अवसरों की उपलब्धता, गुणवत्ता सुधार, तथा छात्र-केंद्रित नीतियों को प्राथमिकता देने से जुड़े महत्वपूर्ण सुझाव रखे। उन्होंने शिक्षक क्षमता निर्माण, विद्यालयों में बुनियादी सुविधाओं और डिजिटल संसाधनों के संतुलित विस्तार पर भी जोर दिया।
सांसद अग्रवाल ने कहा कि “शिक्षा में किया गया निवेश ही देश के सामाजिक, आर्थिक और बौद्धिक भविष्य को सुरक्षित करता है। ठोस नीतिगत निर्णयों के साथ बजटीय संसाधनों का उद्देश्यपूर्ण उपयोग आवश्यक है।” उन्होंने विश्वास जताया कि केंद्र सरकार की प्राथमिकताओं और सुधारात्मक कदमों से देश के हर बच्चे तक समान, गुणवत्तापूर्ण और आधुनिक शिक्षा सुनिश्चित होगी।


