बेमेतरा, 18 जुलाई 2025 | जनचौपाल 36 संवाददाता
रेवेन्द्र सिंह वर्मा कृषि महाविद्यालय एवं अनुसंधान केंद्र, ढोलिया में राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई के तत्वावधान में शुक्रवार को एक दिवसीय रक्तदान शिविर का सफल आयोजन किया गया। यह शिविर जिला स्वास्थ्य विभाग की मेडिकल टीम के सहयोग से महाविद्यालय परिसर में संपन्न हुआ। उल्लेखनीय है कि यह महाविद्यालय में आयोजित पहला रक्तदान शिविर था, जिसने विद्यार्थियों में सेवा भावना और सामाजिक उत्तरदायित्व को नई दिशा दी।
कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को स्वैच्छिक रक्तदान के लिए प्रेरित करना और समाज में मानवता की सेवा की भावना को प्रोत्साहित करना था। इस अवसर पर महाविद्यालय के अधिष्ठाता ने छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि “नियमित रक्तदान न केवल किसी जरूरतमंद को जीवनदान देता है, बल्कि रक्तदाता की सेहत के लिए भी लाभकारी होता है। इससे शरीर में आयरन की संतुलित मात्रा बनी रहती है और दिल की सेहत बेहतर होती है।”
इस आयोजन में महाविद्यालय के 20 से अधिक अधिकारी, कर्मचारी एवं छात्र-छात्राओं ने स्वेच्छा से रक्तदान किया। पूरे शिविर के दौरान छात्रों का उत्साह देखते ही बनता था। एनएसएस प्रभारी के कुशल संयोजन और स्वास्थ्य विभाग की टीम के सहयोग से शिविर का संचालन व्यवस्थित ढंग से हुआ।
कार्यक्रम में महाविद्यालय के समस्त शिक्षकगण, कर्मचारीगण एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे और सभी ने मिलकर इस मानवीय पहल को सफल बनाने में सक्रिय योगदान दिया।


