सीएमएचओ ने औचक निरीक्षण करते हुए कहा हॉस्पिटल की पूरी व्यवस्था पर नजर रखा जाय और इमरजेंसी स्वास्थ्य सेवा पर विशेष ध्यान दिया जाय।
बेमेतरा, 2 अगस्त 2025।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) डॉ. अमृत लाल रोहलेडर ने शनिवार को नवागढ़ विकासखण्ड अंतर्गत प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र चंदनू, संबलपुर और नांदघाट का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने स्वास्थ्य सुविधाओं, डाक्टर एवं कर्मचारियों की उपस्थिति, ओपीडी पंजीयन, लैब व्यवस्था, दवाई वितरण और संस्थागत प्रसव की स्थिति का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान डॉ. रोहलेडर ने क्षेत्रवासियों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि रात में यदि कोई मरीज आता है तो उसे तत्काल चिकित्सा सुविधा मिलनी चाहिए। साथ ही, केंद्रों में साफ-सफाई, शौचालय की स्वच्छता, नल एवं बेसिन की मरम्मत जैसे आवश्यक सुधार जल्द करने के निर्देश दिए।
बरसात के मौसम को देखते हुए उन्होंने सर्पदंश के मरीजों के तत्काल इलाज की व्यवस्था सुनिश्चित करने और ग्रामवासियों को पलंग पर सोने व मच्छरदानी का उपयोग करने के लिए प्रेरित करने की सलाह दी।
निरीक्षण के दौरान जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. बी. एल. राज, जिला स्टोर इंचार्ज फार्मासिस्ट मोहित कुमार, एसएसए राजकमल ताम्रकार भी उपस्थित रहे। स्वास्थ्य केंद्रों में डॉक्टर, आरएमए, नर्सिंग स्टाफ सहित समस्त कर्मचारी मौजूद थे।


