शिक्षा मंत्रालय ने डिजिटल परिवर्तन सुधारों के तहत फीस के लिए स्कूलों में यूपीआई को शामिल करने किया प्रोत्साहित।
नई दिल्ली /11 OCT 2025 (PIB Delhi)
शिक्षा मंत्रालय ने डिजिटल परिवर्तन सुधारों के तहत स्कूलों में फीस जमा करने के लिए यूनिफाइड पेमेंट्स इंटरफेस (यूपीआई) का उपयोग करने को प्रोत्साहित किया है। इसके तहत, स्कूलों में प्रवेश और परीक्षा शुल्क जैसे वित्तीय लेन-देन को सुरक्षित, पारदर्शी और सरल बनाने के लिए यूपीआई, मोबाइल वॉलेट और नेट बैंकिंग जैसे डिजिटल भुगतान प्लेटफार्मों को अपनाने का सुझाव दिया गया है। इस पहल से अभिभावकों और छात्रों को घर बैठे बिना स्कूल जाए भुगतान करने की सुविधा मिलेगी और प्रशासनिक कामकाज में भी सुधार होगा।
यह कदम भारत सरकार के “विकसित भारत 2047” लक्ष्य के अनुरूप है, जिसमें एक डिजिटल, समावेशी और नागरिक-केंद्रित शिक्षा प्रणाली का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। साथ ही, इससे वित्तीय साक्षरता बढ़ाने और डिजिटल लेन-देन को बढ़ावा देने में मदद मिलेगी।
मुख्य बिंदु:
शिक्षा विभाग ने राज्यों, केंद्र शासित प्रदेशों और स्वायत्त निकायों को यूपीआई अपनाने के लिए पत्र लिखा है।
डिजिटल भुगतान से नकद लेन-देन की तुलना में अधिक सुविधा, पारदर्शिता और सुरक्षा सुनिश्चित होती है।
यह कदम सरकारी प्रशासनिक प्रक्रियाओं के डिजिटल परिवर्तन के तहत एक महत्वपूर्ण पहल है।
इस पहल से स्कूलों में फीस भुगतान का पारंपरिक तरीका ज्यादा आधुनिक और सुविधाजनक बनेगा, जिससे शिक्षा व्यवस्था में समग्र सुधार होगा।


