मुंबई _21/12/2025
2025 के अंत में रिलीज हुई स्पाई-थ्रिलर फिल्म ‘धुरंधर’ ने बॉक्स ऑफिस पर ऐसी रफ्तार पकड़ी है कि आंकड़े खुद कहानी कह रहे हैं। दमदार अभिनय, सशक्त सिनेमेटोग्राफी और बेजोड़ निर्देशन के सहारे फिल्म ने न सिर्फ देश में बल्कि विदेशों में भी खौफ कायम रखा है। शुरुआती रुझानों और ट्रेड रिपोर्ट्स के मुताबिक, ‘धुरंधर’ वर्ल्डवाइड 700 करोड़ का आंकड़ा पार कर चुकी है और 800 करोड़ क्लब में शामिल होने से अब कुछ ही दूरी पर है।
पहले दिन करीब 32 करोड़ की वर्ल्डवाइड ओपनिंग के साथ फिल्म ने संकेत दे दिए थे कि यह लंबी रेस की घोड़ी है। पहले वीकेंड में ही 200 करोड़ पार करने के बाद इसकी रफ्तार थमी नहीं, बल्कि हर गुजरते दिन के साथ बढ़ती चली गई। 15वें दिन तक फिल्म का कुल वर्ल्डवाइड कलेक्शन 737.5 करोड़ तक पहुंचने की बात सामने आई है। रिपोर्ट्स के अनुसार, फिल्म बीते दो हफ्तों से रोजाना 35–40 करोड़ की कमाई कर रही है।
दिलचस्प बात यह है कि ‘धुरंधर’ की स्पीड घरेलू बॉक्स ऑफिस की तुलना में ओवरसीज मार्केट में कहीं ज्यादा तेज है। ऑस्ट्रेलिया से लेकर नॉर्थ अमेरिका तक, फिल्म को जबरदस्त रिस्पॉन्स मिल रहा है। खास तौर पर यूएस मार्केट में यह फिल्म नोटों की मशीन साबित हुई है। 5 दिसंबर को रिलीज हुई ‘धुरंधर’ ने 12 दिसंबर तक अमेरिका में 70 करोड़ के करीब का बिजनेस कर लिया। वहीं यूके में इसका कलेक्शन 14 करोड़ के आसपास बताया जा रहा है।
केवल विदेशी बाजार की बात करें तो ‘धुरंधर’ पहले ही कई बड़ी फिल्मों को पीछे छोड़ चुकी है। जहां ‘छावा’ का ओवरसीज कलेक्शन करीब 91 करोड़ रहा था, वहीं आदित्य धर के निर्देशन में बनी इस फिल्म ने 15 दिन से पहले ही 158 करोड़ का ओवरसीज बिजनेस कर लिया है। ट्रेड पंडितों की मानें तो मौजूदा ट्रेंड बरकरार रहा, तो 800 करोड़ का आंकड़ा जल्द इतिहास बन सकता है।


