2000 फीट पर डिस्प्ले बंद और धुआं भर गया।
लखनऊ, 07 मार्च 2026
उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य सवार हेलीकॉप्टर को शनिवार सुबह तकनीकी खराबी के कारण लखनऊ के अमौसी एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग करानी पड़ी। लखनऊ के ला मार्टिनियर मैदान से कौशांबी के लिए उड़ान भरने के 15 मिनट बाद 2000 फीट की ऊंचाई पर हेलीकॉप्टर का डिस्प्ले बोर्ड अचानक बंद हो गया और केबिन में धुआं भरने लगा। पायलट की तत्परता से बड़ा हादसा टल गया।बताया जा रहा है कि, हेलीकॉप्टर उड़ान के दौरान लगभग 50 किलोमीटर दूर बछरावां क्षेत्र तक पहुंच चुका था, लेकिन तकनीकी खराबी के कारण उसे वापस लखनऊ लाना पड़ा।
जानकारी के अनुसार, केशव प्रसाद मौर्य हेलीकॉप्टर में पायलट, एक सहयोगी और पीएसओ के साथ थे। धुएं से केबिन में हड़कंप मच गया, लेकिन पायलट ने फौरन अमौसी एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग कर ली। सभी यात्री सुरक्षित हैं। हेलीकॉप्टर में आई खराबी के कारणों की जांच चल रही है।
मीडिया के मुताबिक, उड़ान के दौरान हेलीकॉप्टर के केबिन में अचानक धुआं भरने लगा था। देखते ही देखते पूरा केबिन धुएं से भर गया, जिससे अंदर बैठे लोगों में हड़कंप मच गया। हेलीकॉप्टर में उस समय डिप्टी सीएम के अलावा पायलट, एक सहयोगी और एक पीएसओ मौजूद थे। हालांकि, पायलट की सूझबूझ और त्वरित फैसले की वजह से सभी लोग सुरक्षित बच गए।
अधिकारियों ने पुष्टि की कि यह घटना शनिवार सुबह करीब 11 बजे हुई। डिप्टी सीएम का कौशांबी दौरा कार्यक्रम प्रभावित हुआ है।घटना के बाद हेलीकॉप्टर को तकनीकी जांच के लिए रोक दिया गया है। प्रारंभिक जांच में इसे तकनीकी खराबी माना जा रहा है।


