नई दिल्ली/छत्तीसगढ़, 08 जनवरी 2026
_देश के कई राज्यों में गुरुवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब जिला अदालतों और उच्च न्यायालयों को ई-मेल के जरिए बम से उड़ाने की धमकी मिली। बिहार, छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, ओडिशा, हिमाचल प्रदेश और पंजाब की अदालतें इस धमकी की चपेट में रहीं। सुरक्षा के मद्देनज़र तत्काल न्यायालय परिसरों को खाली कराया गया और सघन तलाशी अभियान शुरू किया गया।
छत्तीसगढ़ में बिलासपुर और राजनांदगांव जिला न्यायालय, जबकि मध्य प्रदेश के रीवा जिला न्यायालय को धमकी भरा ई-मेल मिला। सूचना मिलते ही पुलिस, बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वॉड मौके पर पहुंचे। पूरे परिसर की जांच की गई, हालांकि किसी भी स्थान से संदिग्ध वस्तु बरामद होने की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
बिहार के पटना, गया और किशनगंज जिला अदालतों में भी बम धमकी से अफरा-तफरी मच गई। पटना सिविल कोर्ट को खाली कराया गया, वहीं गया और किशनगंज में कोर्ट परिसर को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया। जांच एजेंसियां धमकी भरे ई-मेल की तकनीकी जांच में जुटी हैं।
ओडिशा हाईकोर्ट को भी ई-मेल के जरिए धमकी मिली, जिसके बाद एहतियातन कोर्ट परिसर खाली कर सर्च ऑपरेशन चलाया गया। इसी तरह हिमाचल प्रदेश हाईकोर्ट को उड़ाने की धमकी मिलने पर बम डिफ्यूज स्क्वॉड ने पूरे परिसर की गहन तलाशी ली।
पंजाब में भी रूपनगर, श्री आनंदपुर साहिब, फिरोजपुर और मोगा की जिला अदालतों को धमकी मिलने से हड़कंप रहा। लुधियाना में सुरक्षा एजेंसियों ने मॉक ड्रिल भी की।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, सभी मामलों में धमकी ई-मेल के जरिए दी गई है। साइबर सेल भेजने वाले की पहचान, लोकेशन और IP एड्रेस की जांच कर रही है। फिलहाल इसे दहशत फैलाने की साजिश माना जा रहा है, लेकिन सुरक्षा एजेंसियां किसी भी आशंका को नजरअंदाज नहीं कर रहीं।


