कहा, बूथ स्तर तक संगठन मज़बूत करें कार्यकर्ता
लालगंज (वैशाली), 17 अक्टूबर 2025
बिहार में चुनावी सरगर्मी के बीच शुक्रवार को लालगंज विधानसभा क्षेत्र में भाजपा के वरिष्ठ नेता, लोकसभा सांसद व छत्तीसगढ़ सरकार के पूर्व मंत्री बृजमोहन अग्रवाल ने कार्यकर्ताओं की बैठक लेकर संगठन को मजबूती देने का संदेश दिया।
इस मौके पर लालगंज के विधायक एवं भाजपा प्रत्याशी संजय सिंह, उत्तर प्रदेश सरकार के पूर्व मंत्री सतीश द्विवेदी, मंडल अध्यक्ष सहित भाजपा व युवा मोर्चा के अनेक पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
बैठक में विधानसभा क्षेत्र की चुनावी रणनीति, संगठन विस्तार और बूथ स्तर तक भाजपा के जनसंपर्क अभियान को तेज़ करने पर विस्तार से चर्चा हुई।
सांसद अग्रवाल ने कहा कि भाजपा की सरकार “सबका साथ, सबका विकास” के सिद्धांत पर कार्य कर रही है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे घर-घर जाकर केंद्र सरकार की योजनाओं और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में हुए विकास कार्यों को जनता तक पहुँचाएँ।
उन्होंने कहा, “भारतीय जनता पार्टी का हर कार्यकर्ता पार्टी की रीढ़ है। एकजुट होकर हम बिहार में भाजपा की सरकार बना सकते हैं और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में राष्ट्र को और सशक्त बना सकते हैं।”


