नक्सलवाद नहीं, विकासवाद है अब छत्तीसगढ़ की पहचान
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि अटल जी का सपना आज साकार हो रहा है। छत्तीसगढ़ अब पिछड़ेपन और नक्सलवाद की पहचान से ऊपर उठकर समृद्धि, सुरक्षा और स्थायित्व की नई गाथा लिख रहा है। उन्होंने कहा, “पिछले 25 वर्षों में छत्तीसगढ़ ने जो परिवर्तन देखा है, वह अद्भुत और प्रेरणादायी है।”
प्रधानमंत्री मोदी ने रायपुर में आयोजित रजत जयंती उत्सव के अवसर पर कहा कि यह वही राज्य है जो कभी नक्सलवाद से जूझता था, पर अब विकास की नई दिशा दिखा रहा है। उन्होंने बताया कि बस्तर ओलंपिक आज पूरे देश में चर्चा का विषय बन चुका है, और बस्तर अब दुनिया में खेल और संस्कृति के प्रतीक के रूप में उभर रहा है।
रामराज्य और सुशासन की दृष्टि
प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में कहा, “अयोध्या में राम मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा के समय हमने ‘रामराज्य’ का जो संकल्प लिया था, उसी पथ पर आज छत्तीसगढ़ आगे बढ़ रहा है। यह तो श्रीराम का ननिहाल है। भाजपा का उद्देश्य है रामराज्य — सुशासन और जनकल्याण इसका आधार है। सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास ही हमारी दिशा है।”
अटल जी को श्रद्धांजलि
भावुक क्षणों में प्रधानमंत्री बोले, “अटल जी, आप देखिए… आपका सपना साकार हो रहा है।” उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ की जनता का परिश्रम, और भाजपा सरकारों का दूरदर्शी नेतृत्व इस विकास यात्रा का आधार रहा है। अब यह राज्य नक्सलवाद नहीं, विकासवाद के लिए जाना जाएगा।
विकसित भारत में छत्तीसगढ़ की अग्रणी भूमिका
प्रधानमंत्री ने कहा कि जब भारत अपनी आजादी के 100 वर्ष मनाएगा, तब विकसित भारत के योगदान में छत्तीसगढ़ अग्रणी रहेगा। उन्होंने विश्वास जताया कि विकसित छत्तीसगढ़ के माध्यम से विकसित भारत का सपना अवश्य साकार होगा।


