लेख: जन चौपाल डेस्क
आज का दिन हिन्दू पंचांग में अत्यंत पवित्र और आध्यात्मिक दृष्टि से महत्वपूर्ण है। आषाढ़ शुक्ल पक्ष की एकादशी, (जिसे देवशयनी एकादशी या हरि_शयनी एकादशी कहा जाता है) से ही चतुर्मास की शुरुआत होती है। यह चार महीने की वह अवधि है जब भगवान विष्णु योगनिद्रा में चले जाते हैं और सृष्टि की गति साधु-संयम, व्रत, तप और आत्मचिंतन की ओर मुड़ जाती है।
❖ चतुर्मास: संयम और साधना का काल
देवशयनी एकादशी से शुरू होकर कार्तिक शुक्ल एकादशी (प्रबोधिनी एकादशी) तक चलने वाला यह काल “चतुर्मास” कहलाता है। ऋतु परिवर्तन, वातावरण की आर्द्रता और शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता में बदलाव के कारण भारतीय आयुर्वेद और योगशास्त्र इस समय को अनुशासन व संयम के लिए आदर्श मानते हैं।
इस दौरान लोग व्रत, सात्त्विक भोजन, प्राकृतिक उपचार और सद्ग्रंथों के अध्ययन के माध्यम से अपने जीवन को शुद्ध और स्थिर करने का प्रयास करते हैं।
❖ धार्मिक मान्यता और परंपराएं
पौराणिक मान्यताओं के अनुसार, इस दिन से भगवान विष्णु पाताल लोक में योगनिद्रा में चले जाते हैं और चार महीने बाद प्रबोधिनी एकादशी को जागते हैं। इस अवधि में विवाह, गृह प्रवेश और अन्य शुभ कार्य वर्जित माने जाते हैं।
भक्तगण इस दिन व्रत, कीर्तन, मंदिरों में विशेष पूजा-अर्चना, और श्रीमद्भागवत पाठ करते हैं। विशेष रूप से पंढरपुर (महाराष्ट्र) में विठोबा रथ यात्रा बड़े हर्षोल्लास से मनाई जाती है।
❖ स्वास्थ्य और विज्ञान के दृष्टिकोण से महत्व
आयुर्वेद के अनुसार, वर्षा ऋतु में पाचनतंत्र दुर्बल होता है। इस कारण तैलीय, मांसाहारी, और भारी भोजन से बचने की सलाह दी जाती है। चतुर्मास में हल्का, सुपाच्य, और शुद्ध शाकाहारी भोजन स्वास्थ्य के लिए लाभकारी होता है।
साथ ही यह समय मानसिक शांति, ध्यान और योग साधना के लिए भी उपयुक्त माना गया है, जिससे मनुष्य शरीर और आत्मा दोनों की शुद्धि कर सके।
🔔संयम अनुशासन और साधना की प्रेरणा🕉️
आषाढ़ी एकादशी केवल एक धार्मिक पर्व नहीं, बल्कि भारतीय जीवनशैली की वैज्ञानिकता और संतुलन का प्रतीक है। यह हमें संयम, अनुशासन और साधना की प्रेरणा देता है। वर्तमान समय में जब भागदौड़ और तनाव जीवन का हिस्सा बन चुके हैं, ऐसे में चतुर्मास जैसे पर्व जीवन में मनन, आत्मावलोकन और स्वास्थ्य संतुलन के अवसर प्रदान करते हैं।
❖ आषाढ़ी एकादशी: चतुर्मास का आरंभ और भारतीय जीवन _शैली में इसका पारंपरिक महत्व


