51000 युवाओं की नियुक्ति: रोजगार मेले में पीएम मोदी ने सौंपे नियुक्ति पत्र
विकसित भारत की यात्रा में युवाशक्ति की अहम भूमिका: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी
नई दिल्ली | 24 मई 2026
19 वें रोजगार मेले के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आज वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से मेले में विभिन्न सरकारी विभागों और संगठनों में नव नियुक्त 51,000 से अधिक युवाओं को नियुक्ति पत्र वितरित किए।
रेलवे, बैंकिंग, रक्षा, स्वास्थ्य और शिक्षा सहित अनेक क्षेत्रों में नियुक्त इन युवाओं को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि यह रोजगार मेला युवाशक्ति को नए अवसर प्रदान करने की सरकार की दृढ़ प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
प्रधानमंत्री ने हाल ही में संपन्न पांच देशों की राजनयिक यात्रा का उल्लेख करते हुए बताया कि नीदरलैंड, स्वीडन, नॉर्वे, संयुक्त अरब अमीरात और इटली के साथ क्रमशः सेमीकंडक्टर, कृत्रिम बुद्धिमत्ता, हरित प्रौद्योगिकी, ऊर्जा साझेदारी और रक्षा-विज्ञान के क्षेत्रों में महत्वपूर्ण समझौते हुए।
उन्होंने स्पष्ट किया कि ये सभी अंतरराष्ट्रीय साझेदारियां विशेष रूप से भारत के युवाओं को रोजगार और वैश्विक अनुभव दिलाने के उद्देश्य से की गई हैं। श्री मोदी ने कहा, “भारत के युवाओं और तकनीकी प्रगति को लेकर पूरी दुनिया उत्साहित है और आज वैश्विक समुदाय भारत की विकास यात्रा का हिस्सा बनना चाहता है।”
प्रधानमंत्री ने जहाज निर्माण एवं एमआरओ तंत्र में लगभग 75,000 करोड़ रुपये के निवेश, पीएलआई योजना से रिकॉर्ड इलेक्ट्रॉनिक्स उत्पादन और क्लीन एनर्जी, ग्रीन हाइड्रोजन तथा क्रिटिकल मिनरल्स जैसे उभरते क्षेत्रों में युवाओं के लिए अभूतपूर्व अवसरों का विस्तृत उल्लेख किया।
उन्होंने यह भी बताया कि भारत आज विश्व का तीसरा सबसे बड़ा स्टार्टअप तंत्र बन चुका है, जिसमें 2.3 लाख से अधिक मान्यता प्राप्त स्टार्टअप हैं और यह बदलाव अब महानगरों से निकलकर ग्रामीण क्षेत्रों तक पहुंच रहा है।
प्रधानमंत्री ने नव नियुक्त कर्मचारियों से व्यापार सुगमता को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का आह्वान करते हुए कहा कि “विकसित भारत का निर्माण ऐसे युवाओं के प्रयासों से होगा जो अपने काम को देशसेवा का माध्यम मानते हैं।”
उन्होंने विश्वास जताया कि 2047 तक विकसित भारत का संकल्प इन्हीं युवाओं के परिश्रम और समर्पण से साकार होगा।स्रोत: न्यूज़ नमो ऐप
- Advertisement -
- Advertisement -