29.5 C
Raipur
Saturday, March 7, 2026

होटल कुक को 46 करोड़ का नोटिस, फर्जी खाते से करोड़ों का लेनदेन

Must read

ढाबे में काम करने वाले सहायक कुक पर भारी-भरकम टैक्स नोटिस
फर्जी खातों के चक्कर में कुक को 46 करोड़ की इनकम टैक्स नोटिस

मध्यप्रदेश/ग्वालियर-चंबल | 10 सितम्बर 2025
ग्वालियर-चंबल अंचल से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। भिंड जिले के रहने वाले होटल कुक हेल्पर रविंद्र सिंह चौहान को आयकर विभाग ने 46 करोड़ रुपये का नोटिस भेजा है। रविंद्र की मासिक आय महज 8-10 हजार रुपये है। बावजूद इसके, उनके नाम से खुले खाते में करोड़ों का लेनदेन हुआ, जिसकी जानकारी उन्हें भी नहीं थी।

सात साल पुराने दस्तावेज से खेला गया खेल
रविंद्र फिलहाल पुणे में एक होटल में काम कर रहे थे। उन्होंने बताया कि 9 अप्रैल 2025 को उनके घर पहला नोटिस आया, जो अंग्रेजी में था। परिवार को समझ नहीं आया और इसे नजरअंदाज कर दिया। लेकिन 25 जुलाई को दूसरा नोटिस आने पर वे घबरा गए। पड़ोसी वकील से सलाह लेने पर पता चला कि यह आयकर विभाग का नोटिस है।
जांच में सामने आया कि करीब सात साल पहले टोल कंपनी में काम करते समय उनके सुपरवाइजर शशिभूषण राय ने पीएफ खाते के नाम पर उनके दस्तावेज लिए थे। इन्हीं दस्तावेजों से एक फर्जी खाता खोला गया और करोड़ों का लेनदेन किया गया।

दो खाते, करोड़ों की हेराफेरी
खुलासा हुआ कि रविंद्र के नाम पर दो बैंक खाते हैं—एक भिंड में और दूसरा दिल्ली में। दिल्ली वाले खाते से 46 करोड़ रुपये का लेनदेन हुआ है, जो शौर्या ट्रेडिंग कंपनी से जुड़ा है। फिलहाल उस खाते में करीब 13 लाख रुपये जमा हैं।

थाने से हाईकोर्ट तक
रविंद्र ने इस धोखाधड़ी की शिकायत थाने में दर्ज कराई, लेकिन कार्रवाई न होने पर उन्होंने ग्वालियर हाईकोर्ट में याचिका दायर की है। वे कहते हैं कि उनकी सालाना आय तीन लाख रुपये से भी कम है, फिर भी उन्हें करोड़ों का बोझ झेलना पड़ रहा है।
यह मामला अब न्यायालय में है और आयकर विभाग भी जांच कर रहा है कि कैसे एक होटल कुक हेल्पर के नाम पर करोड़ों का लेनदेन हो गया।

- Advertisement -spot_img

More articles

- Advertisement -spot_img

Latest article