34.4 C
Raipur
Saturday, March 7, 2026

_5 वॉ भाग“कुलधरा : इतिहास के मौन पृष्ठों की ओर(वापसी अतीत की ओर)

Must read

(गतांक से आगे)
अगले दिन की सुबह जैसलमेर के आकाश में सुनहरी रेखाएँ उभर रही थीं, और रेत अपनी आदत के अनुसार एक नई कहानी लिखने को तैयार लग रही थी।
अनिमेष और विनीता आज कुलधरा जाने वाले थे — वह रहस्यमय, वीरान गाँव जहाँ सदियों पहले पूरा एक समाज बिना कोई निशान छोड़े रातों रात लुप्त हो गया था। पर्यटक वहाँ अब भी आते हैं, लेकिन केवल ईंट-पत्थर की चुप्पियों को देखकर लौट जाते हैं। पर आज, वहां जाने वाले दो लोग, उस मौन से संवाद करने निकले थे।
कहानी उस समय की है, जब जैसलमेर की रेत में आधुनिकता की चहल-पहल नहीं, बल्कि इतिहास की साँसें गूंजा करती थीं।
अनिमेष अब इस धरती का हिस्सा बन चुका था। ऊंट की सवारी हो या ऊंटगाड़ी चलाना, रेत में दिशा पहचाननी हो या पारंपरिक नाव से जल यात्रा — सब कुछ उसे स्वाभाविक लगता था।
उसने निर्णय लिया कि कुलधरा की यात्रा ऊंटगाड़ी से ही की जाए। न कोई जल्दबाज़ी, न कोई मशीन की शोरगुल — बस थिरकते कदमों वाली ऊंटगाड़ी, खुला आसमान और साथ में विनीता।
वह चाहता था कि इस यात्रा के हर पल में विनीता रेगिस्तान की आत्मा को महसूस करे, इतिहास की बारीकियों को समझे, और उनके बीच जो संवाद हों, वे समय से परे किसी पुराने लोकगीत की तरह गूंजते रहें।

🤱“तुम कुलधरा क्यों दिखाना चाहते हो?”
विनीता ने ऊँटगाड़ी की धीमी चाल में आनंद लेते हुए पूछा,
🧑‍🍼अनिमेष कुछ क्षण चुप रहा, फिर बोला,
“क्योंकि मुझे लगता है कि कुछ जगहें केवल देखी नहीं जातीं, उन्हें पढ़ा जाता है। और कुलधरा… शायद तुम उसे समझ सको।”

🛣️विनीता ने उसकी बात को बड़े ध्यान से सुना।
उसके स्वर में उत्सुकता कम, और संवेदना अधिक थी।
“मैंने सुना है,” वह बोली,
🧱“कुलधरा की हवाओं में अब भी वो प्रार्थनाएँ गूंजती हैं, जो पूरी नहीं हो सकीं…”

जब दोनों कुलधरा पहुँचे, तो रेत ने जैसे अचानक मौन ओढ़ लिया।
चारों ओर खंडहर थे, दीवारें थीं जिन पर समय ने कोई नया रंग नहीं चढ़ाया था — केवल धूल की परतें, और स्मृतियों के धुंधले पद चिह्न।
अनिमेष एक टूटी हवेली के सामने ठहर गया।
विनीता भी पास आ गई।
“यहाँ क्या हुआ था?”

अनिमेष ने आहिस्ता से कहना शुरू किया —
“कहते हैं, गाँव के मुखिया की बेटी से जोधपुर के दीवान की कुटिल दृष्टि थी। जब ज़बरदस्ती का आदेश आया, तो गाँववालों ने एक रात फैसला लिया — धर्म, प्रेम और स्वाभिमान के लिए वे सब कुछ छोड़ देंगे… और छोड़ गए। एक भी व्यक्ति पीछे नहीं रहा। और अब, यह गाँव कभी आबाद नहीं हो पाया…”

विनीता ध्यान से सुन रही थी। उसके मन में यह कथा इतिहास नहीं, एक जीवंत दस्तावेज़ बन रही थी।
“क्या सच में कोई भी नहीं लौटा?”

उसका स्वर धीमा और भीतरी था।

“नहीं,” अनिमेष बोला,
“लेकिन उनकी कहानियाँ लौटती हैं… हर बार किसी नई आत्मा में उतरकर।”

दूर खामोश शून्य में नजरे टिकाए दोनों देख रहे थे।
कुछ देर तक दोनों एक चुप्पी में बंधे रहे —
एक ऐसी चुप्पी, जिसमें शब्दों की आवश्यकता नहीं थी जैसे दो रूह एक ही जिस्म में समा गई हो।

विनीता ने दीवार की एक दरार में झाँकते हुए पूछा —
“क्या तुम्हें कभी किसी को खो देने का ऐसा डर लगा है, कि तुम उसे खुद से दूर कर दो?”

अनिमेष ने उसकी ओर देखा।
आँखों में एक पुराना दुख कौंधा — लेकिन उसने सिर झुका लिया।
“हाँ… और शायद अब भी वही कर रहा हूँ।”
रेत पर दोनों के कदमों की छाप एक साथ चल रही थी — लेकिन दिलों की चालें अब भी कुछ दूरी बनाए हुए थीं।
सूरज ढलने लगा था।
जैसे कुलधरा की दीवारें आज थोड़ी कम वीरान थीं।

चिंतन की गहराइयों में डूबे अनिमेष को जैसे ही जैसलमेर की सीमाएँ निकट आती प्रतीत हुईं, मार्ग के किनारे एक हरित उपवन ने ध्यान खींच लिया।
वह था — बड़ा बाग, स्वर्ण धरा के मध्य स्थित एक सुरम्य तीर्थ समान स्थल। यह उपवन एक टीले पर स्थित था, जिसके चारों ओर दूर तक फैली थी रेगिस्तान की सुनहरी चादर — मानो रेत और हरियाली का मिलन एक दिव्य सौंदर्य की रचना कर रहा हो।
जैसलमेर से कोई छः कोस की दूरी पर बसा यह बाग, न केवल ऐतिहासिक महत्व रखता है, वरन् इसकी भूमि में राजवंशों की स्मृति भी समाई हुई है।
अनिमेष ने ऊंटगाड़ी की दिशा बदली और उसे उपवन की ओर मोड़ते हुए विनीता को एक पत्थर की बेंच पर ससम्मान बैठाया।
हल्की सी मुस्कान के साथ बोला —
“थोड़ा विश्राम कर लो… मन कुछ बोझिल सा जान पड़ता है।”
विनीता ने चुपचाप एक दृष्टि उपवन पर डाली और फिर बेंच पर विराजमान हो गई।
उसके चारों ओर फैले राजपूताने की स्थापत्यकला के प्रतीक — शाही छतरियाँ — इतिहास की मौन गाथा कह रही थीं।
इन भव्य स्मारकों में जैसलमेर के महाराजाओं एवं विशिष्ट कुलों के नर-नारियों की समाधियाँ स्थापित थीं — हर एक छतरी एक जीवन की कहानी, एक युग की छाया थी।
विनीता की दृष्टि उनमें अटक गई — यही वो तत्व थे जो उसके शोध कार्य की आत्मा बन सकते थे।
उसने अनिमेष की ओर देखा — मानो समय थम गया हो, और वे दोनों अतीत के किसी चित्रपट में प्रवेश कर चुके हों।

विनीता चुप रही, लेकिन उसकी आंखों में भावों की लहरें थीं।
वातावरण की संजीदगी को हल्का करने हेतु अनिमेष धीरे-धीरे फुलवारी की ओर बढ़ा। वहाँ पहुँचकर उसने एक कोमल गुलाब, डंठल सहित, बड़े स्नेह से तोड़ लिया। फिर वह लौटकर विनीता के समक्ष घुटनों के बल बैठ गया, और दोनों हथेलियों में सहेजते हुए उस गुलाब को विनम्र प्रेम भरे भाव से उसकी ओर बढ़ाया।
विनीता कुछ क्षण निस्पंद होकर उस गुलाब को निहारती रही…
फिर उसकी दृष्टि अनिमेष की आंखों से जा मिली — वहाँ एक मौन, गहरा प्रेम बोल रहा था।
मुस्कुराते हुए उसने वह गुलाब थाम लिया।
उस पल जैसे समय ठहर गया। कुछ अदृश्य, परंतु अनंत बदल गया था।
विनीता ने दृष्टि झुकाए, फिर अनिमेष की आंखों में झांकते हुए कोमल स्वर में कहा,
“इस युग में, जब हर बात शोर बन चुकी है — भावनाओं को मौन में समझ लेने की समझ ही सच्चा बौद्धिक प्रेम कहलाती है।
मैं तुम्हारी भावना को समझ चुकी हूँ… और स्वीकार भी कर चुकी हूँ।
पुराने समय में तो साथ चलना भी विरल था — और आज, मन की बात कहने में विलंब नहीं करते।”
अनिमेष के अधरों पर एक शांत, आत्मिक मुस्कान उभरी। उसने उत्तर दिया —
“आभार, विनीता…
देखो, प्रतीक्षा का विस्तार मन में असंख्य औपचारिकताएँ भर देता है,
और हम विचारों की जटिलताओं में उलझने लगते हैं।
किन्तु प्रेम —
वह कोई परीक्षा नहीं, अपितु एक निःशर्त समर्पण है।”
फिर दोनों एक नई सहजता के साथ अपने-अपने ठिकानों की ओर लौट चले — मानो मन के किसी कोने में फिर से एक गुलाब खिल गया हो।




- Advertisement -spot_img

More articles

- Advertisement -spot_img

Latest article