विमान समाचार /अपडेट 5 दिसंबर 2025
नागरिक उड्डयन मंत्री राममोहन नायडू ने जताई नाराजगी कहा नियम पहले से पता है, इसलिए यात्रियों को परेशानी नहीं होनी चाहिए थी।
देश में इन दिनों हवाई यात्रा बड़े संकट से गुजर रही है। एयरपोर्ट्स पर सबसे ज्यादा सुनाई दे रहा है— “इंडिगो फ्लाइट कैंसिल हो गई है।’’ 1 नवंबर से लागू DGCA के नए सुरक्षा नियमों ने इंडिगो के संचालन पर सीधा असर डाला है। भारत की सबसे बड़ी एयरलाइन पिछले तीन दिनों में पंगु सी हो गई है।
नए नियम लागू होते ही क्रू की भारी कमी सामने आई और गुरुवार को ही देशभर में 550 से ज्यादा उड़ानें रद्द करनी पड़ीं। दिल्ली में 172, मुंबई में 118, बेंगलुरु में 100, हैदराबाद में 75, कोलकाता में 35 और चेन्नई में 26 उड़ानें थम गईं। गोवा, जयपुर, इंदौर जैसे शहर भी प्रभावित हुए। एयरपोर्ट्स पर यात्रियों की लंबी कतारें और सोशल मीडिया पर शिकायतों की बाढ़ ने स्थिति की गंभीरता साफ कर दी।
DGCA ने आपात बैठक में इंडिगो से पूछा कि तैयारी पहले से क्यों नहीं की गई? अधिकारियों ने माना कि नए नियमों के चलते रोस्टर और ऑपरेशन बिगड़ गए हैं। इंडिगो ने सुधार के लिए समय मांगा और कहा कि फरवरी तक स्थिति सामान्य करने की कोशिश होगी। DGCA ने निर्देश दिए— क्रू भर्ती बढ़ाई जाए, ट्रेनिंग का रोडमैप दिया जाए, रोस्टर सुधारा जाए और हर 15 दिन में प्रोग्रेस रिपोर्ट भेजी जाए।
FDTL नियमों के दूसरे चरण के तहत पायलट अब रोज 8 घंटे से ज्यादा उड़ान नहीं भर सकते, नाइट लैंडिंग की सीमा 6 से घटाकर 2 कर दी गई और क्रू को 24 घंटे में 10 घंटे आराम अनिवार्य किया गया है। सुरक्षा बढ़ाने के उद्देश्य से लागू किए गए ये नियम इंडिगो पर भारी पड़ गए। नवंबर में एयरलाइन की 1232 उड़ानें रद्द हुईं, जिनमें से 755 सिर्फ नए नियमों की वजह से थीं।


