कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक की बैठक लेकर दिए सुधार के निर्देश
रायपुर, 10 नवंबर 2025
राज्यपाल रमेन डेका ने राजधानी रायपुर में बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं और अव्यवस्थित यातायात पर चिंता जताई है। उन्होंने राजभवन में कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक के साथ बैठक कर स्थिति की समीक्षा की और सुधार के लिए जरूरी कदम उठाने के निर्देश दिए।
राज्यपाल ने कहा कि रायपुर में जनसंख्या और वाहनों की संख्या तेजी से बढ़ रही है, इसलिए यातायात व्यवस्था को और अनुशासित और सुरक्षित बनाना जरूरी है। उन्होंने ट्रैफिक मॉनिटरिंग को बेहतर करने और सड़क सुरक्षा उपायों को कड़ाई से लागू करने के लिए कहा।
राज्यपाल डेका ने निर्देश दिए कि अवैध पार्किंग, नशे में वाहन चलाने, तेज गति, बिना हेलमेट या सीट बेल्ट के वाहन चलाने जैसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जाए।
उन्होंने कहा कि प्रशासन की सतर्कता और जनता के सहयोग से ही सुरक्षित यातायात व्यवस्था स्थापित की जा सकती है।


