इस स्वतंत्रता दिवस पर गाँव से लाल किले तक की अनोखी यात्रा!
देशभर के 210 पंचायत प्रतिनिधि 78वीं वर्षगांठ पर होंगे विशेष अतिथि।
पूरा आर्टिकल पढ़ें।
JANCHOUPAL _36
नई दिल्ली, 13 अगस्त 2025 —(स्त्रोत_PIB)1
पंचायती राज मंत्रालय इस स्वतंत्रता दिवस पर देशभर से चुने गए 28 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के 210 पंचायत प्रतिनिधियों को लाल किले में होने वाले राष्ट्रीय ध्वजारोहण समारोह में विशेष अतिथि के रूप में आमंत्रित करेगा। इन प्रतिनिधियों के साथ उनके जीवनसाथी और नोडल अधिकारी मिलाकर कुल 425 प्रतिभागी कार्यक्रम में शामिल होंगे।
सम्मान समारोह और तकनीकी पहल
विशेष अतिथियों के सम्मान में 14 अगस्त 2025 को नई दिल्ली में एक औपचारिक समारोह आयोजित होगा, जिसमें केंद्रीय पंचायती राज मंत्री श्री राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह और केंद्रीय राज्य मंत्री प्रो. एस.पी. सिंह बघेल मौजूद रहेंगे। मंत्रालय के सचिव श्री विवेक भारद्वाज और अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी इसमें भाग लेंगे।
इसी अवसर पर एआई संचालित ‘सभासार’ एप्लिकेशन का शुभारंभ और ‘ग्रामोदय संकल्प पत्रिका’ के 16वें अंक का विमोचन किया जाएगा।
थीम — आत्मनिर्भर पंचायत, विकसित भारत की पहचान
इस वर्ष कार्यक्रम का विषय है — “आत्मनिर्भर पंचायत, विकसित भारत की पहचान”, जो ग्रामीण भारत को मजबूत करने के संकल्प को दर्शाता है।
महिला प्रतिनिधियों की अग्रणी भूमिका
विशेष अतिथियों में बड़ी संख्या में महिला पंचायत प्रतिनिधि शामिल हैं, जिन्होंने अपनी पंचायतों में बुनियादी ढांचे का विकास, सार्वजनिक सेवाओं में सुधार और समावेशी सामुदायिक पहल को आगे बढ़ाया है।
उन्होंने हर घर जल योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण, और मिशन इंद्रधनुष जैसी योजनाओं के सफल क्रियान्वयन में अहम भूमिका निभाई है। साथ ही, उन्होंने स्थानीय स्तर पर नवाचार और जनभागीदारी आधारित समाधान को भी प्रोत्साहित किया है।
ग्रामीण नेतृत्व की यह मिसाल दिखाती है कि पंचायतें न सिर्फ लोकतंत्र की जड़ हैं, बल्कि विकसित भारत के निर्माण में भी मजबूत स्तंभ बन रही हैं।


