36.3 C
Raipur
Saturday, March 7, 2026

मन की बात : मोदी ने शहीदों की कहानियाँ, सौर ऊर्जा क्रांति और खेल प्रतिभाओं को दी नई पहचान

Must read

नई दिल्ली, 31 अगस्त 2025 | Janchoupal36
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को मन की बात कार्यक्रम में देशवासियों को संबोधित किया। इस बार के संवाद में उन्होंने शहीदों के बलिदान, सौर ऊर्जा से बदलते गांव, इंजीनियर दिवस, हैदराबाद मुक्ति दिवस और भारतीय संस्कृति की वैश्विक पहचान पर विशेष चर्चा की। साथ ही ओडिशा की रश्मिता साहू और श्रीनगर के मोहसिन अली जैसे युवा खिलाड़ियों की उपलब्धियों का ज़िक्र कर देशभर के युवाओं को प्रेरित किया।

शहीदों की स्मृतियाँ : देशभक्ति का सच्चा उदाहरण
प्रधानमंत्री ने सूरत के सुरक्षा गार्ड जितेंद्र सिंह राठौड़ का उल्लेख किया, जिन्होंने ढाई हजार शहीदों की जानकारी, तस्वीरें और उनके माता-पिता के चरणों की मिट्टी एकत्र की है। मोदी ने कहा, “जितेंद्र सिंह का जीवन देशभक्ति की असली मिसाल है।”

सौर ऊर्जा : ग्रामीण विकास की नई रोशनी
बिहार की “सोलर दीदी” देवकी देवी की कहानी भी प्रधानमंत्री ने साझा की। देवकी ने सौर पंप के जरिए अपने गांव को रोशन किया। अब 40 एकड़ ज़मीन पर सिंचाई हो रही है और किसान UPI से भुगतान कर रहे हैं।
मोदी बोले – “सौर ऊर्जा केवल बिजली नहीं, बल्कि ग्रामीण भारत में विकास की नई शक्ति है।”

खेलों में उभरते सितारे
रश्मिता साहू – ओडिशा की गोल्डन गर्ल
अब तक 41 मेडल (13 गोल्ड, 14 सिल्वर, 14 ब्रॉन्ज) जीत चुकी हैं।
हाल ही में खेलो इंडिया वाटर स्पोर्ट्स फेस्टिवल में दो गोल्ड हासिल किए।
प्रधानमंत्री ने उनके पिता के प्रोत्साहन को प्रेरणादायी बताते हुए कहा कि बेटियों को खेलों में आगे बढ़ाना गर्व की बात है।

मोहसिन अली – श्रीनगर का सपना
मजदूर परिवार से आने वाले मोहसिन ने डल झील में हुई प्रतियोगिता में गोल्ड मेडल जीता।
उनका सपना है ओलंपिक में भारत के लिए पदक जीतना और राष्ट्रीय गान बजवाना।
प्रधानमंत्री ने कहा – “देश का बेटा इतने बड़े सपने देखता है, तो यह देश बहुत आगे बढ़ने वाला है।”

इंजीनियर दिवस और विश्वकर्मा जयंती
प्रधानमंत्री ने 15 सितंबर को इंजीनियर दिवस और 17 सितंबर को विश्वकर्मा जयंती मनाने का आह्वान किया। उन्होंने इंजीनियरों को सपनों को साकार करने वाला कर्मयोगी और पारंपरिक शिल्पकारों को राष्ट्र की प्रगति की रीढ़ बताया।

हैदराबाद मुक्ति दिवस : एकता और साहस का प्रतीक
मोदी ने सरदार पटेल की ऑडियो क्लिप साझा कर 1948 के ऑपरेशन पोलो को याद किया। उन्होंने कहा कि यह भारत की एकता और साहस का प्रतीक था, जिसने हैदराबाद को निज़ाम की तानाशाही से मुक्त कर भारत का हिस्सा बनाया।

भारतीय संस्कृति की वैश्विक पहचान
प्रधानमंत्री ने बताया कि –
इटली में महर्षि वाल्मीकि की प्रतिमा का अनावरण हुआ।
कनाडा में 51 फीट ऊंची श्रीराम की प्रतिमा स्थापित हुई।
रूस के व्लादिवोस्तोक में रामायण प्रदर्शनी आयोजित हुई।
उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति की गूंज अब हर कोने में सुनाई दे रही है।

स्वदेशी और स्वच्छता का संदेश
गणेश उत्सव और आने वाले त्योहारों का उल्लेख करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा –
“उपहार वही जो भारत में बना हो, सजावट वही जो भारत में बने सामान से हो।”
उन्होंने स्वदेशी वस्तुओं के उपयोग और स्वच्छता को त्योहारों की खुशियों का आधार बताया।

आत्मनिर्भर भारत : साझा लक्ष्य
प्रधानमंत्री ने Vocal for Local, आत्मनिर्भर भारत और विकसित भारत को साझा लक्ष्य बताते हुए सभी को एकजुट होकर आगे बढ़ने का आह्वान किया।

- Advertisement -spot_img

More articles

- Advertisement -spot_img

Latest article