15 जुलाई 2025:JANCHOUPAL 36
स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत जारी स्वच्छता सर्वेक्षण 2024 में छत्तीसगढ़ का अंबिकापुर नगर निगम एक बार फिर देशभर में चमका है। इंदौर (मध्यप्रदेश), सूरत (गुजरात), नवी मुंबई समेत देश के कुल 15 शहरों को इस वर्ष ‘स्वच्छता सुपर लीग’ में शामिल किया गया है,
जिसमें अंबिकापुर ने 50 हजार से 3 लाख की जनसंख्या वाले शहरों की श्रेणी में पहला स्थान प्राप्त किया है।
17 जुलाई को दिल्ली के विज्ञान भवन में आयोजित एक भव्य समारोह में भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू इन शहरों को सम्मानित करेंगी। अंबिकापुर के साथ-साथ पाटन और विश्रामपुर जैसे छत्तीसगढ़ के अन्य शहरों को भी 85 प्रतिशत से अधिक अंक मिलने के कारण विशेष प्रशंसा मिली है।
स्वच्छता सर्वेक्षण की नई व्यवस्था के अंतर्गत अब सुपर लीग में उन्हीं शहरों को शामिल किया जाता है जो लगातार तीन वर्षों तक शीर्ष स्थानों पर बने रहे हैं। पहले यह अवधि दो वर्षों की थी। हालांकि, इस विशेष श्रेणी में रैंकिंग नहीं होती, लेकिन इन शहरों को 12,500 अंकों की स्कीम के आधार पर अंक दिए जाएंगे, जिससे अन्य शहरों को बेहतर प्रदर्शन करने का प्रोत्साहन मिलेगा।
स्वच्छता, जनसहभागिता और नवाचार के इस मॉडल ने अंबिकापुर को न केवल एक मिसाल बनाया है, बल्कि पूरे छत्तीसगढ़ को गौरवान्वित किया है।
स्वच्छता सर्वेक्षण 2024 में अंबिकापुर ‘स्वच्छता सुपर लीग’ में शामिल, राष्ट्रपति करेंगी सम्मानित


