मनोरंजन/मुंबई | जनचौपाल 36
बॉलीवुड की जानी-मानी डांसर और एक्ट्रेस शेफाली जरीवाला, जिन्होंने ‘कांटा लगा’ एल्बम सॉन्ग से घर-घर में अपनी पहचान बनाई थी, अब इस दुनिया में नहीं रहीं। महज 42 वर्ष की उम्र में उनका निधन हो गया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, उन्हें अचानक कार्डियक अरेस्ट आया, जिसके चलते उनकी जान नहीं बचाई जा सकी।
शेफाली को जब तक अस्पताल ले जाया गया, तब तक बहुत देर हो चुकी थी। डॉक्टर्स ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। यह खबर सामने आते ही इंडस्ट्री में शोक की लहर दौड़ गई है। उनके लाखों चाहने वाले इस अप्रत्याशित घटना से स्तब्ध हैं।
अस्पताल पहुंचने से पहले ही तोड़ा दम
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, शेफाली को उनके घर पर अचानक बेचैनी की शिकायत हुई थी। परिजन और करीबी उन्हें फौरन अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टर्स ने बताया कि उन्हें कार्डियक अरेस्ट पहले ही आ चुका था और अस्पताल पहुंचने से पहले ही उनका निधन हो गया।
कूपर अस्पताल में पोस्टमार्टम
उनके पार्थिव शरीर को पोस्टमार्टम के लिए कूपर अस्पताल भेजा गया है। रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है ताकि मौत के कारणों की विस्तृत जानकारी मिल सके।
‘कांटा लगा’ से मिली थी पहचान
साल 2002 में आई ‘कांटा लगा’ म्यूजिक वीडियो से शेफाली ने रातोंरात लोकप्रियता हासिल की थी। महज 19 वर्ष की उम्र में उन्होंने जो ख्याति पाई, वह आज भी एक मिसाल मानी जाती है। इसके बाद वह कई रियलिटी शोज और इवेंट्स में भी नजर आईं।
मनोरंजन जगत में शोक की लहर
फिल्म और टीवी इंडस्ट्री से जुड़े कई कलाकारों और निर्देशकों ने सोशल मीडिया पर श्रद्धांजलि दी है। शेफाली जरीवाला अपने आत्मविश्वास, नृत्यकला और खूबसूरती के लिए जानी जाती थीं। उनका यूं अचानक चले जाना सभी के लिए बेहद दुखद है।
🕯️ जनचौपाल 36 की ओर से दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि।


