34.4 C
Raipur
Saturday, March 7, 2026

सौंदर्य और विवेक_”अनोखा स्वयंवर– रूप चौदस की रोशनी में”

Must read

यह कल्पित कहानी गहराई, सौंदर्यबोध और जीवन-दर्शन का सुंदर संगम है।

मौलिक कहानी/रूप चतुर्दशी/दीवाली विशेष_19/10/2025

रूप चौदस की संध्या थी — जब दीपक केवल तेल से नहीं, आत्मा की आभा से जलते हैं।
राजमहल मोमबत्तियों की कतारों से जगमगा रहा था। पर इस बार वहाँ केवल सौंदर्य का उत्सव नहीं था — विचारों का भी था। राजकुमारी का स्वयंवर था, और उसकी शर्त थी उतनी ही अनोखी जितनी वह स्वयं थी —
“जो २० तक ऐसी गिनती सुना दे, जिसमें समूचा संसार समा जाए, वही
मेरा वरण पाएगा।”

सभागार में राजा-महाराजाओं की पंक्तियाँ थीं — सब अपने अहं की चमक में डूबे। वे संख्याएँ बोलते रहे, लेकिन राजकुमारी की आँखों में “पूर्णता” की तलाश अधूरी ही रह गई।
हर असफलता के बाद कोड़ों की गूँज महल की दीवारों से टकराकर लौटी, जैसे अहंकार का प्रतिध्वनन।

जब सब हार चुके थे, तभी पीछे रसोई से एक हलवाई की हँसी फूटी — सरल, सधी, निर्मल।
“अरे राजाओं! बीस तक की गिनती नहीं आती तुम्हें?”
सभा में सन्नाटा छा गया।

राजा ने पूछा, “यदि जानते हो तो सुनाओ।”
हलवाई मुस्कुराया, “राजन, यदि मेरी गिनती आपकी बेटी को पसंद आ जाए तो क्या वह मुझसे विवाह करेगी?”

राजकुमारी ने कहा, “हाँ। लेकिन यदि नहीं पसंद आई, तो मृत्यु निश्चित है।”

हलवाई ने सिर झुकाया, दीपशिखा की लौ थोड़ी काँपी — और फिर उसकी आवाज़ गूँजी, जैसे जीवन का संगीत—

एक भगवान,
दो पक्ष,
तीन लोक,
चार युग,
पाँच पांडव,
छह शास्त्र,
सात वार,
आठ खंड,
नौ ग्रह,
दस दिशा,
ग्यारह रुद्र,

बारह महीने,
तेरह रत्न,
चौदह विद्या,
पंद्रह तिथि,
सोलह श्राद्ध,
सत्रह वनस्पति,
अठारह पुराण,
उन्नीसवीं तुम,
और बीसवाँ मैं।””


सभा स्तब्ध थी।
पहली बार संख्या में सृष्टि का दर्शन हुआ।

राजकुमारी की आँखों में चमक लौट आई — वह मुस्कराई, जैसे पहली बार किसी ने उसे सुना हो, समझा हो। उसने मस्तक झुकाया, और कहा,
“आज रूप चौदस की रोशनी केवल दीपों से नहीं, आत्मबोध से जगमगा रही है।”


उसने हलवाई का हाथ थामा।
प्रेम ने जाति, वर्ग और अहंकार की गिनतियों को शून्य में मिला दिया।

जीवन का सार
इस स्वयंवर में कोई हारा नहीं — अहंकार की हार हुई, विनम्रता की जीत हुई।
क्योंकि जहाँ जीवन में अनुभव गिनती बन जाता है, वहाँ हर संख्या एक दर्शन होती है।

- Advertisement -spot_img

More articles

- Advertisement -spot_img

Latest article