कबीरधाम- 31/05/2026(पवन तिवारी)
ग्राम बैहरसारी से लापता युवक की हत्या कर शव को पांडातराई क्षेत्र में फेंकने का मामला। ब्लैकमेलिंग से तंग आकर महिला ने पति और देवर के साथ मिलकर रची थी हत्या की साजिश।भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धाराओं के तहत मामला दर्ज, ट्रैक्टर और हत्या में प्रयुक्त हथियार बरामद।
घटना विवरण
जिला कबीरधाम के थाना बोडला अंतर्गत चौकी पौड़ी क्षेत्र के ग्राम बैहरसरी निवासी युवक कोमल वर्मा की हत्या के सनसनीखेज मामले में कबीरधाम पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महज कुछ ही घंटों के भीतर अंधे कत्ल की गुत्थी को सुलझा लिया है। पुलिस ने इस मामले में एक महिला सहित कुल 03 आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। मृतक का शव थाना पांडातराई क्षेत्र के ग्राम सोंढा में एक बोरी के भीतर बरामद हुआ था।
वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में टीम गठित
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक कबीरधाम धर्मेन्द्र सिंह (IPS) के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पुष्पेन्द्र बघेल एवं अमित पटेल के मार्गदर्शन तथा पुलिस अनुविभागीय अधिकारी बोडला अखिलेश कौशिक के पर्यवेक्षण में थाना बोडला एवं चौकी पौड़ी पुलिस की एक विशेष टीम का गठन कर त्वरित जांच प्रारंभ की गई।
गुमशुदगी से शुरू हुई जांच, कॉल डिटेल से खुला राज
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मृतक कोमल वर्मा (निवासी ग्राम बैहरसरी) दिनांक 28.05.2026 को अपने घर से निकला था, जिसके बाद वह वापस नहीं लौटा। परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने गुम इंसान दर्ज कर पतासाजी शुरू की। तकनीकी विश्लेषण और मृतक के कॉल डिटेल (CDR) खंगालने पर अंतिम समय में उसका संपर्क मंदाकिनी वर्मा नामक महिला से होना पाया गया। संदेह के आधार पर जब महिला को हिरासत में लेकर कड़ाई से पूछताछ की गई, तो उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया।
ब्लैकमेलिंग बनी हत्या की वजह
आरोपी महिला मंदाकिनी वर्मा ने पूछताछ में खुलासा किया कि मृतक कोमल वर्मा उसके पास मौजूद कुछ अश्लील वीडियो के माध्यम से उसे लगातार ब्लैकमेल कर रहा था। वीडियो वायरल करने की धमकी देकर वह महिला के साथ कई बार जबरन शारीरिक संबंध बना चुका था। घटना की रात भी मृतक ने महिला पर संबंध बनाने का दबाव डाला, जिससे तंग आकर महिला ने उसे अपने घर बुलाया।
जैसे ही कोमल वर्मा घर पहुंचा, महिला ने घर निर्माण में इस्तेमाल होने वाले सरिया मोड़ने के बड़े लोहे के पाने से उसके सिर पर ताबड़तोड़ प्रहार कर दिया। इसी बीच महिला का पति रामस्नेही वर्मा भी जाग गया। स्थिति को भांपते हुए पति-पत्नी ने मिलकर कोमल वर्मा की गला दबाकर हत्या कर दी।
बोरी में बंद कर ट्रैक्टर से ठिकाने लगाया शव
हत्या को अंजाम देने के बाद आरोपियों ने शव को रातभर घर में ही छिपाकर रखा। अगले दिन रामस्नेही वर्मा ने अपने भाई **रूपेश वर्मा** को इस अपराध में शामिल किया। दोनों भाइयों ने शव को एक बोरी में भरा और अपने ट्रैक्टर के माध्यम से थाना पांडातराई क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम सोंढा ले जाकर सुनसान इलाके में फेंक दिया।
गिरफ्तार आरोपियों के नाम रामस्नेही वर्मा(पति), मंदाकिनी वर्मा (पत्नी),रूपेश वर्मा (देवर/भाई)है।
वैधानिक कार्रवाई के साथ पुलिस की अपील
कबीरधाम पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ थाना बोडला में अपराध क्रमांक 62/2026 धारा 103(1), 238(3), 3(5) भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत मामला पंजीबद्ध कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।
कबीरधाम पुलिस आम जनता से अपील करती है कि किसी भी प्रकार की ब्लैकमेलिंग या प्रताड़ना का शिकार होने पर कानून को हाथ में न लें, बल्कि तुरंत अपने नजदीकी पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराएं। आपकी पहचान पूरी तरह गुप्त रखी जाएगी।


