ऑपरेशन फायर ट्रेल: DRI ने न्हावा शेवा से ₹4.82 करोड़ के अवैध पटाखे पकड़े
नई दिल्ली, 21 अक्टूबर 2025(खबर पीआईबी )
— राजस्व खुफिया निदेशालय (डीआरआई) ने “ऑपरेशन फायर ट्रेल” के तहत एक बड़े तस्करी रैकेट का पर्दाफाश किया है। डीआरआई ने चीन से अवैध रूप से आयात किए जा रहे पटाखों की एक बड़ी खेप को न्हावा शेवा बंदरगाह पर ज़ब्त किया है। ज़ब्त माल का मूल्य लगभग ₹4.82 करोड़ है और अभियान के दौरान एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है।
जांच के अनुसार, चीन से आए 40 फुट लंबे कंटेनर को “लेगिंग्स” बताकर आईसीडी अंकलेश्वर भेजा जा रहा था। मगर डीआरआई अधिकारियों की सतर्कता से इस कंटेनर की गहन तलाशी में सच्चाई सामने आई — कपड़ों की परतों के पीछे 46,640 पटाखे और विस्फोटक छिपाकर रखे गए थे। इस बरामदगी से अवैध आयात की एक परिष्कृत और संगठित तस्करी प्रणाली का खुलासा हुआ है।
गुजरात के वेरावल में छापेमारी के बाद डीआरआई ने इस पूरे नेटवर्क के पीछे मौजूद एक प्रमुख आरोपी को गिरफ्तार किया। बरामद दस्तावेज़ों से तस्करी गिरोह की कार्यप्रणाली, आयात दस्तावेज़ों में जालसाजी और सुरक्षा नियमों की अनदेखी के प्रमाण मिले हैं। अधिकारियों ने बताया कि यह गिरोह लंबे समय से विस्फोटक सामानों को वैध व्यापारिक माल के रूप में छिपाकर देश में पहुँचाने का प्रयास कर रहा था।विदेश व्यापार नीति के तहत पटाखों का आयात ‘प्रतिबंधित’ श्रेणी में आता है और इसके लिए डीजीएफटी व पीईएसओ दोनों से लाइसेंस जरूरी है।
डीआरआई का कहना है कि ऐसे खतरनाक वस्तुओं का अवैध आयात न केवल सार्वजनिक सुरक्षा के लिए बल्कि राष्ट्रीय सुरक्षा एवं बंदरगाह संरचना के लिए भी गंभीर खतरा है। निदेशालय ने स्पष्ट किया है कि वह ऐसे संगठित नेटवर्क को जड़ से खत्म करने के अपने संकल्प पर अडिग है।


