Janchoupal36
बेमेतरा, 12 जुलाई 2025:
थाना बेरला क्षेत्र के बारगांव में एक व्यक्ति की निर्मम हत्या के मामले में पुलिस ने 24 घंटे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। हत्या धारदार टंगिया से सिर पर वार कर की गई थी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रार्थी पुनीत राम साहू (40 वर्ष) ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसके बड़े पिता के पुत्र छविराम साहू पर गांव के ही जीवन यादव (22 वर्ष) ने हमला किया। घटना 11 जुलाई की शाम करीब 6 बजे की है, जब छविराम गांव के शिव मंदिर के पास अकेला था। तभी जीवन यादव ने पुरानी रंजिश और आपसी विवाद के चलते टंगिया से उसके सिर और गर्दन पर प्राणघातक हमला कर दिया।
गंभीर रूप से घायल छविराम को 108 एंबुलेंस से शासकीय अस्पताल बेरला लाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मामले में थाना बेरला पुलिस ने मर्ग कायम कर धारा 103(1) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज किया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री रामकृष्ण साहू (भा.पु.से.) के निर्देशन पर अति. पुलिस अधीक्षक श्रीमती ज्योति सिंह और एसडीओपी बेरला श्री विनय कुमार के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक कृष्णकांत सिंह के नेतृत्व में टीम गठित की गई। त्वरित कार्यवाही करते हुए आरोपी जीवन यादव को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जिसमें उसने अपना अपराध स्वीकार किया।
आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त लोहे का टंगिया और अन्य साक्ष्य बरामद कर लिए गए हैं। आरोपी को आज विधिवत गिरफ्तार कर कल न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेजा जाएगा।
इस कार्यवाही में थाना प्रभारी निरीक्षक कृष्णकांत सिंह के साथ प्रधान आरक्षक नोहर यादव, दीनानाथ यादव, आरक्षक संदीप गायकवाड, रामेश्वर पटेल, सुरेन्द्र जांगड़े, धनसाय मिरे, टेकेन्द्र यादव, राजेन्द्र बंसोर सहित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।


