कुत्ते को भगाने की बात पर विवाद, डंडे-पत्थर से हमला; एक की मौत, 4 गिरफ्तार
बेमेतरा, 7 अगस्त 2026
साजा थाना क्षेत्र के ग्राम बोरतरा में कुत्ते को भगाने की बात को लेकर विवाद में चार लोगों ने ओमप्रकाश प्रजापति पर डंडे और पत्थर से हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने के बाद उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।
पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने पुरानी रंजिश के चलते एक राय होकर ओमप्रकाश को जान से मारने की बात कहते हुए आसपास पड़े डंडे और पत्थर उठा लिए और उस पर हमला कर दिया। हमले में ओमप्रकाश के सिर और पसलियों में गंभीर चोटें आईं। बीच-बचाव करने के दौरान उनकी पत्नी ललिता के पैर में भी चोट लगी।
पुलिस के अनुसार, घटना 6 अगस्त की सुबह हुई। मृतक की पत्नी की रिपोर्ट पर साजा पुलिस ने शिवकुमार श्रीवास, रोशन श्रीवास, दीपक श्रीवास और सोमनाथ उर्फ छोटू श्रीवास को गिरफ्तार किया है। पूछताछ में पुरानी रंजिश और आपसी मनमुटाव की बात सामने आई है।
घटना के बाद डायल-112 और 108 एंबुलेंस को सूचना दी गई। ओमप्रकाश को पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र साजा ले जाया गया। गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें जिला अस्पताल बेमेतरा रेफर किया। उपचार के दौरान डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त डंडे, पत्थर और अन्य साक्ष्य जब्त किए। चारों आरोपियों को 7 अगस्त को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
मामले में BNS की धारा 103(1), 3(5) के तहत कार्रवाई की गई है। कार्रवाई में साजा थाना प्रभारी निरीक्षक जनक साहू सहित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
- Advertisement -
- Advertisement -