छत्तीसगढ़/11/12/2025
बलौदा बाजार जिले के पलारी और बेमेतरा जिले के नवागढ़ क्षेत्र में पुलिस ने अवैध कच्ची महुआ शराब के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए संगठित नेटवर्क को तगड़ा झटका दिया है। एसपी भावना गुप्ता के निर्देश पर पलारी थाना क्षेत्र में और एसडीओपी नवागढ़ के मार्गदर्शन में हुई दो अलग-अलग कार्यवाहियों ने महीनों से सक्रिय अवैध कारोबारियों की कमर तोड़ दी है।
पलारी: घने जंगलों में छिपी अवैध डिस्टिलरियों का भंडाफोड़
पलारी थाना अंतर्गत खैरी गांव और आसपास के जंगल लंबे समय से कच्ची महुआ शराब के निर्माण का सुरक्षित ठिकाना बने हुए थे। यहां से हर महीने लाखों रुपये की शराब की तस्करी पूरे अंचल में संचालित की जाती थी। गुप्त सूचनाओं के आधार पर पुलिस ने जंगलों में छापेमारी की और बड़ी मात्रा में अवैध शराब उत्पादन को धराशायी कर दिया।
पुलिस ने अब तक 10 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा है। कार्रवाई में
500 लीटर तैयार महुआ शराब,
500 क्विंटल से अधिक महुआ पास (कच्चा माल),
शराब बनाने में उपयोग होने वाले बर्तन, गैस चूल्हे और उपकरण जब्त किए गए।
पिछले छह महीनों से पलारी पुलिस विशेष रणनीति के साथ इस नेटवर्क पर नजर रखे हुए थी। लगातार जांच, गुप्त सूचनाओं पर त्वरित कार्रवाई और जंगलों में सर्च अभियान के चलते अवैध माफिया पर कड़ा प्रहार किया गया है।
नवागढ़: 50 लीटर कच्ची शराब के साथ आरोपी गिरफ्तार
नवागढ़ पुलिस ने भी अलग कार्रवाई करते हुए अवैध शराब के खिलाफ सख्ती दिखाई। मुखबिर की सूचना पर कटोद निवासी सुख सागर टंडन उर्फ सागर उर्फ डोडिया को 50 लीटर कच्ची महुआ शराब के साथ गिरफ्तार किया गया। मौके पर पुलिस ने शराब बनाने की प्रक्रिया भी चलते हुए देखी और उपयोग होने वाले बर्तन, तबेला और सामान जब्त किए।
जब्त की गई शराब की कीमत लगभग ₹5000 बताई जा रही है। आरोपी के खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत केस दर्ज कर जेल भेज दिया गया है।
कार्रवाई का प्रभाव: अवैध नेटवर्क पर बड़ी चोट
दोनों स्थानों पर की गई कार्यवाहियों से अवैध शराब कारोबारियों में हड़कंप मचा है। महीनों से सक्रिय कच्ची शराब उत्पादन और तस्करी के नेटवर्क को पुलिस ने बड़ा नुकसान पहुंचाया है। प्रशासन ने साफ किया है कि ऐसे अवैध कारोबार पर आगे भी सख्त और निरंतर कार्यवाही जारी रहेगी।


