कोई भी संदिग्ध प्रस्ताव या अचानक मिली “अचानक दौलत” जैसी बातों से बचें और तुरंत पुलिस या प्रशासन को सूचना दें।

जनचौपाल 36 | सूर्यापेट (तेलंगाना)।
खजाने और सोने के सिक्कों का झांसा देकर ठगों ने एक व्यवसायी से 20 लाख रुपये की ठगी कर ली। मामला सूर्यापेट जिले का है, जहां कारोबारी को सोने से भरे घड़े का लालच देकर जाल में फंसाया गया। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और 13.5 लाख रुपये नकद बरामद किए हैं।
कैसे बुना गया ठगी का जाल?
सूर्यापेट के व्यवसायी निम्मानगोटी वेंकटेश्वरलु होटल निर्माण का काम कर रहे थे। निर्माण स्थल पर मजदूरी करने वाले पसुपुला गणेश और ओरसु चंतिली ने उनकी आर्थिक स्थिति देखकर साजिश रच डाली। दोनों ने अपने साथियों के साथ मिलकर कारोबारी को बताया कि खुदाई के दौरान उन्हें सोने के सिक्कों से भरे घड़े मिले हैं।
विश्वास दिलाने के लिए फर्जी वीडियो भी दिखाया गया। लालच में आकर व्यवसायी ने घड़े खरीदने के लिए 20 लाख रुपये दे दिए। लेकिन पैसे मिलते ही ठगों ने बहाने बनाने शुरू कर दिए और सोने के सिक्के कभी नहीं दिए।
पुलिस की कार्रवाई
धोखा समझ आने पर पीड़ित कारोबारी ने चिव्वेमला थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया और उनके पास से 13.5 लाख रुपये नकद जब्त किए।
सूर्यापेट के डीएसपी प्रसन्ना कुमार ने लोगों को ऐसे लालच से सावधान रहने की नसीहत दी है।
जनचौपाल36 समीक्षा
यह घटना सिर्फ पुलिस केस नहीं है, बल्कि समाज के लिए चेतावनी है।
👉 लालच इंसान की सबसे बड़ी कमजोरी है, और इसी का फायदा ठग उठाते हैं।
👉 असली खजाने की खोज मेहनत और ईमानदारी से होती है, न कि झूठे वादों और शॉर्टकट्स से।


