गवाह का बयान, बोला– हत्या के बाद गाना गाते हुए सिगरेट पी रहा था आरोपी।
कोरबा/छत्तीसगढ़ 14/02/2026
चर्चित न्यूज एंकर सलमा सुल्तान हत्याकांड की सुनवाई के दौरान कोर्ट में उस वक्त सन्नाटा छा गया, जब चश्मदीद गवाह ने आरोपी जिम ट्रेनर मधुर साहू को लेकर बेहद सनसनीखेज बयान दिया। गवाह के अनुसार, मधुर साहू ने अपने साथियों के साथ मिलकर सलमा सुल्तान की हत्या की और बाद में शव को ठिकाने लगाया।
कोर्ट में दिए गए बयान में गवाह ने बताया कि हत्या के बाद मधुर साहू का व्यवहार किसी साइको किलर जैसा था। उसने सलमा सुल्तान के शव को बाएं हाथ से गोद में उठा रखा था और दाएं हाथ से सिगरेट पीते हुए फिल्मी गीत “तुझसे नाराज़ नहीं ज़िंदगी, हैरान हूँ मैं” गुनगुना रहा था। इस बयान ने अदालत में मौजूद सभी लोगों को झकझोर कर रख दिया।
गवाह ने बताया पूरी वारदात
चश्मदीद के मुताबिक, हत्या की योजना पहले से बनाई गई थी। घटना के बाद आरोपी ने न केवल शव को छिपाने की कोशिश की, बल्कि ऐसा व्यवहार किया मानो उसे अपने किए पर कोई पछतावा ही न हो। गवाह ने कोर्ट को बताया कि आरोपी बेहद शांत और असामान्य तरीके से घटनास्थल पर मौजूद रहा।
पुराने मामले में नई गवाही से बढ़ी हलचल
गौरतलब है कि यह मामला कई साल पुराना है, लेकिन हालिया सुनवाई में सामने आई इस गवाही ने केस को नया मोड़ दे दिया है। अभियोजन पक्ष का कहना है कि इस बयान से आरोपियों के खिलाफ केस और मजबूत हुआ है।
बचाव पक्ष ने बयान पर जताई आपत्ति
वहीं, बचाव पक्ष ने चश्मदीद की गवाही पर सवाल उठाते हुए इसे मनगढ़ंत बताया है। अदालत ने दोनों पक्षों की दलीलें सुनते हुए मामले की अगली सुनवाई की तारीख तय कर दी है।
सुनवाई जारी
फिलहाल, सलमा सुल्तान हत्याकांड की सुनवाई विशेष सत्र न्यायालय में जारी है। कोर्ट अब अन्य गवाहों के बयान और उपलब्ध सबूतों के आधार पर आगे की कार्रवाई करेगा।(खबर मीडिया सूत्र पर आधारित)


