34.4 C
Raipur
Saturday, March 7, 2026

जहरीले कोल्ड्रिफ कफ सिरप से 19 मासूमों की मौत, कई राज्यों में लगा बैन

Must read

राष्ट्रीय न्यूज/भारत/06/10/2025

मध्य प्रदेश और राजस्थान में कोल्ड्रिफ कफ सिरप से 19 बच्चों की मौत के बाद देशभर में हड़कंप मच गया है। मौत के मामलों के सामने आने के बाद महाराष्ट्र, उत्तर प्रदेश, केरल, तमिलनाडु और उत्तराखंड जैसे राज्यों ने इस सिरप की बिक्री व उपयोग पर रोक लगा दी है।

जांच में सामने आया है कि इस सिरप के बैच संख्या SR-13, जिसे तमिलनाडु के कांचीपुरम स्थित एक फार्मास्युटिकल ने तैयार किया था, में डाईएथिलीन ग्लाइकोल नामक घातक रसायन पाया गया है। यह रासायनिक तत्व किडनी के फेल होने और मल्टी-ऑर्गन डैमेज का कारण बन सकता है।

मध्य प्रदेश और राजस्थान में 19 बच्चों की मौत

मध्य प्रदेश में अब तक 16 और राजस्थान में 3 बच्चों की मौत की पुष्टि हुई है। सभी पीड़ितों को खांसी-जुकाम की शिकायत पर स्थानीय डॉक्टरों ने कोल्ड्रिफ सिरप दिया था। सिरप के सेवन के बाद उनकी तबीयत बिगड़ती चली गई और इलाज के दौरान किडनी फेल होने से उनकी मौत हो गई।

महाराष्ट्र FDA की बड़ी कार्रवाई

महाराष्ट्र खाद्य एवं औषधि प्रशासन (FDA) ने कोल्ड्रिफ सिरप के बैच SR-13 की बिक्री, वितरण और उपयोग पर तत्काल प्रभाव से रोक लगा दी है। सभी मेडिकल स्टोर्स और अस्पतालों को निर्देश दिया गया है कि उनके पास मौजूद स्टॉक को तुरंत औषधि नियंत्रण अधिकारियों को रिपोर्ट करें और उसे नष्ट करें।

यूपी-उत्तराखंड में व्यापक जांच

उत्तर प्रदेश के औषधि विभाग ने सभी जिलों के औषधि निरीक्षकों को फार्मा कंपनियों और मेडिकल स्टोर्स से सिरप के नमूने लेने के आदेश दिए हैं। उत्तराखंड में भी राज्यस्तरीय जांच अभियान शुरू हो चुका है। अधिकारियों को चेतावनी दी गई है कि चिन्हित जहरीले कफ सिरप को जब्त करने में कोई लापरवाही न हो।

अब देशभर में सतर्कता

कोल्ड्रिफ सिरप से जुड़ी यह त्रासदी देश के चिकित्सा और औषधि नियामक तंत्र के लिए गंभीर चेतावनी साबित हो रही है। केंद्र सरकार ने विस्तृत जांच रिपोर्ट मांगी है और इस मामले में जिम्मेदार कंपनी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।



- Advertisement -spot_img

More articles

- Advertisement -spot_img

Latest article