राज्यपाल रमेन डेका ने नवा रायपुर में मनाया पारंपरिक पोला पर्व,उपमुख्यमंत्री साव रहे मौजूद।
रायपुर, 23 अगस्त 2025
राज्यपाल श्री रमेन डेका आज
आदिम जाति विकास, कृषि विकास एवं किसान कल्याण तथा जैव प्रौद्योगिकी, मछली पालन, पशुधन विभाग के मंत्री श्री राम विचार नेताम के नवा रायपुर स्थित निवास में आयोजित पारंपरिक पोला पर्व उत्सव में शामिल हुए।
राज्यपाल ने इस अवसर पर भगवान शंकर का अभिषेक एवं पूजा-अर्चना कर छत्तीसगढ़ के इस लोकपर्व को हर्षोल्लास से मनाया।
उन्होंने प्रदेशवासियों को पोला पर्व की हार्दिक शुभकामनाएं दीं।
इस मौके पर उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव, अन्य मंत्रीगण, जनप्रतिनिधि एवं अनेक अतिथि उपस्थित थे।
कलिंगा यूनिवर्सिटी सम्मान : जीपीएम जिले की अर्चना सामुएल मसीह और स्वप्निल पवार को मिली पहचान
गौरेला-पेंड्रा-मारवाही, 23 अगस्त 2025 (छग जनसंपर्क)।
कलिंगा यूनिवर्सिटी रायपुर में आयोजित शिक्षक सम्मान समारोह में जिले के दो शिक्षकों को उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए सम्मानित किया गया।
समारोह में कुलपति डॉ. संजीव गांधी तथा मुख्य अतिथि श्री आर्यवीर आर्य, संस्थापक एवं महासचिव गोल्फ फेडरेशन ऑफ इंडिया, ने शिक्षिका अर्चना सामुएल मसीह एवं स्वप्निल पवार को सम्मान प्रदान किया।
शिक्षिका अर्चना सामुएल मसीह और स्वप्निल पवार को 5 सितंबर 2024 को महामहिम राज्यपाल द्वारा पुरस्कृत किया गया था। इसी उपलब्धि के उपलक्ष्य में 22 सितंबर 2025 को कलिंगा यूनिवर्सिटी ने उन्हें सम्मानित किया।
अर्चना सामुएल मसीह वर्तमान में शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला, मगुरदा (ब्लॉक मारवाही) में कार्यरत हैं। वे गाइड संगठन तथा रेड क्रॉस राज्य प्रतिनिधि के रूप में भी सक्रिय योगदान दे रही हैं।
स्वप्निल पवार वर्तमान में जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (DIET), पेंड्रा में पीटीआई के रूप में सेवाएं दे रहे हैं।
दोनों शिक्षकों को शिक्षा क्षेत्र में उनके नवाचार, उत्कृष्ट कार्य, उल्लेखनीय उपलब्धियों, सहयोग एवं सेवाओं के लिए सम्मानित किया गया।
एसडीएम ने 46 पटवारियों को जारी किया नोटिस
डिजिटल क्रॉप सर्वे एवं फार्मर रजिस्ट्री में लापरवाही का मामला
रायपुर, 22 अगस्त 2025 (छत्तीसगढ़ जनसंपर्क )
डिजिटल क्रॉप सर्वे एवं फार्मर रजिस्ट्री कार्य में लापरवाही बरतने पर कोरिया जिले में बड़ी कार्रवाई की गई है। बैकुंठपुर एवं सोनहत एसडीएम ने कुल 46 पटवारियों को कारण बताओ नोटिस जारी किया है।
इनमें बैकुंठपुर तहसील के 16, पटना के 15, पोड़ी बचरा के 5 तथा सोनहत तहसील के 10 पटवारी शामिल हैं। यह कार्रवाई कलेक्टर श्रीमती चन्दन त्रिपाठी के निर्देश पर की गई है।
गौरतलब है कि शासन द्वारा पटवारियों को डिजिटल क्रॉप सर्वे में सर्वेयर आईडी तैयार करने, खसरा ऑनलाइन उपलब्ध कराने और सर्वेक्षित खसरों का अनुमोदन करने की जिम्मेदारी दी गई थी।
लेकिन लापरवाही के चलते अपेक्षित प्रगति नहीं हो सकी।
कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि यदि कार्य समय पर पूर्ण नहीं हुआ, तो धान खरीदी व्यवस्था सहित शासन की महत्वाकांक्षी योजनाओं पर असर पड़ेगा। इस पर नाराजगी जताते हुए संबंधित पटवारियों को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए।
सभी पटवारियों को तीन दिनों के भीतर जवाब देने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं जिले के 161 ग्रामों में चल रहे डिजिटल क्रॉप सर्वे कार्य को 30 सितम्बर 2025 तक पूर्ण करने का लक्ष्य रखा गया है।


