रायपुर को मिली बड़ी सौगात:रायपुर की यातायात प्रणाली को सुचारू करने की दिशा में एक बड़ी उपलब्धि सामने आई है।
नई दिल्ली/रायपुर | 05 दिसंबर 2025
रायपुर लोकसभा सांसद बृजमोहन अग्रवाल के निरंतर प्रयासों के बाद केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने NH-53 रिंग रोड नंबर 1 की सर्विस रोड चौड़ीकरण परियोजना को मंजूरी दे दी है।
संसद भवन में हुई विशेष मुलाकात के दौरान सांसद अग्रवाल ने रायपुर में बढ़ते ट्रैफिक दबाव, नागरिकों को हो रही परेशानियों और रिंग रोड 1 पर महज 5 मीटर चौड़ी सर्विस रोड की अपर्याप्तता का मुद्दा मजबूती से रखा।
उनकी तथ्यपूर्ण प्रस्तुति से सहमति जताते हुए केंद्रीय मंत्री ने इस परियोजना पर तुरंत मंजूरी प्रदान की और संबंधित अधिकारियों को कार्रवाई के निर्देश दिए।
मंजूर परियोजना के अनुसार, 5 मीटर चौड़ी सर्विस रोड को बढ़ाकर 11 मीटर किया जाएगा। यह चौड़ीकरण टाटीबंध से तेलीबांधा तक के सबसे व्यस्त हिस्से में होगा, जो राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) के अंतर्गत आता है।
सांसद अग्रवाल ने कहा कि रिंग रोड नंबर 1 को कभी शहर से बाहर बनाया गया था, लेकिन तेज शहरीकरण के कारण इसके आसपास घनी रिहायशी और व्यावसायिक बस्तियां विकसित हो चुकी हैं। इससे स्थानीय और भारी वाहनों का दबाव कई गुना बढ़ गया है, जिसे मौजूदा 5 मीटर चौड़ाई संभाल नहीं पा रही।
सर्विस रोड के चौड़ीकरण के बाद स्थानीय यातायात को मेन हाईवे से अलग सुगठित रूप से संचालित किया जा सकेगा। ट्रैफिक जाम में कमी, एंबुलेंस और आपात वाहनों की तेज आवाजाही, कार्यालय और बाजारों में आने-जाने वालों को बड़ी राहत मिलेगी।
सांसद अग्रवाल ने कहा, “रायपुर की जनता की सुविधा मेरी पहली प्राथमिकता है। नितिन गडकरी जी का आभार, जिन्होंने इस महत्वपूर्ण जनहित परियोजना को तुरंत स्वीकृति दी।”
यह निर्णय रायपुर की वर्षों पुरानी ट्रैफिक समस्या के समाधान की दिशा में ऐतिहासिक कदम माना जा रहा है।


