21.1 C
Raipur
Sunday, November 1, 2026

रायपुर में आज से सारंग एयर शो का रोमांच, 1 और 2 नवंबर को आसमान में दिखेंगे वायुसेना के हैरतअंगेज करतब, प्रशासन ने जारी किया ट्रैफिक प्लान

Must read

 रायपुर : छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के नवा रायपुर में आज यानी 1 नवंबर से दो दिवसीय सारंग एयर शो का आयोजन होने जा रहा है। सेंध लेक क्रिकेट स्टेडियम क्षेत्र में 1 और 2 नवंबर को भारतीय वायुसेना की एरोबेटिक टीम सारंग अपने शानदार हवाई करतबों से दर्शकों को रोमांचित करेगी। आसमान में हेलीकॉप्टरों के अद्भुत प्रदर्शन को देखने के लिए बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना है।कार्यक्रम के दौरान यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन और ट्रैफिक पुलिस ने विशेष इंतजाम किए हैं। अलग-अलग जिलों से आने वाले दर्शकों के लिए तीन प्रमुख प्रवेश मार्ग निर्धारित किए गए हैं। इसके साथ ही वाहनों की पार्किंग के लिए भी कुल 10 स्थान तय किए गए हैं।

आरंग, महासमुंद और बिलासपुर से आने वालों के लिए रूट

आरंग, खरोरा, महासमुंद, बलौदाबाजार और बिलासपुर की ओर से आने वाले दर्शकों को सेरीखेड़ी-नवागांव मार्ग का इस्तेमाल करना होगा। इस रास्ते से वाहन उमरिया होते हुए नवागांव रेलवे क्रॉसिंग पार करेंगे और क्रिकेट स्टेडियम टर्निंग तक पहुंचेंगे।इस मार्ग से आने वाले लोगों के वाहनों की पार्किंग के लिए स्टेडियम के नजदीक पी-7 से पी-10 तक चार स्थान निर्धारित किए गए हैं।

रायपुर, दुर्ग और राजनांदगांव के दर्शकों के लिए अलग व्यवस्था

रायपुर शहर, धरसींवा, दुर्ग, बालोद, खैरागढ़ और राजनांदगांव की ओर से आने वाले लोगों को निर्धारित मार्ग का पालन करना होगा। इन वाहनों को फुंडहर चौक, जैनम तिराहा, सेरीखेड़ी और एयरपोर्ट टर्निंग से आगे बढ़ना होगा।इसके बाद क्रिकेट स्टेडियम और सेक्टर-22 टर्निंग होते हुए कबीर चौक पहुंचना होगा। यहां से अविनाश उपवन टर्निंग के रास्ते सेंध तालाब की ओर जाना होगा। इस रूट से आने वाले दर्शकों के लिए पी-1 से पी-6 तक छह पार्किंग स्थल बनाए गए हैं।

धमतरी, गरियाबंद और कांकेर के लिए यह रहेगा रास्ता

धमतरी, गरियाबंद, कांकेर, राजिम और अभनपुर की तरफ से आने वाले दर्शकों को माना-तूता मार्ग से सेक्टर-22 टर्निंग तक पहुंचना होगा। यहां से झांकी और उपरवारा मार्ग के जरिए कबीर चौक पहुंचकर अविनाश उपवन टर्निंग की ओर जाना होगा।इसके बाद निर्धारित पार्किंग स्थलों में वाहन खड़े किए जा सकेंगे। प्रशासन ने इस रूट पर भी यातायात को व्यवस्थित रखने के लिए विशेष प्रबंध किए हैं।

एयर शो के लिए 10 पार्किंग स्थल निर्धारित

दर्शकों की सुविधा और वाहनों की भीड़ को नियंत्रित करने के उद्देश्य से पार्किंग व्यवस्था को अलग-अलग जोन में बांटा गया है।

  • पी-1 से पी-6: रायपुर, दुर्ग और राजनांदगांव सहित निर्धारित दूसरे रूट से आने वाले वाहन।
  • पी-7 से पी-10: आरंग, महासमुंद, बलौदाबाजार और बिलासपुर की दिशा से आने वाले वाहन।

प्रशासन ने दर्शकों से अपील की है कि वे अपने जिले और निर्धारित प्रवेश मार्ग के अनुसार ही कार्यक्रम स्थल की ओर रवाना हों। इससे जाम की स्थिति से बचने और पार्किंग तक आसानी से पहुंचने में मदद मिलेगी।

दो दिन आसमान में दिखेगा वायुसेना का शौर्य

भारतीय वायुसेना की सारंग एरोबेटिक टीम अपने हेलीकॉप्टरों के जरिए आसमान में रोमांचक करतब प्रस्तुत करेगी। इस आयोजन को लेकर लोगों में खासा उत्साह है। बड़ी संख्या में दर्शकों के पहुंचने की उम्मीद को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा और यातायात प्रबंधन पर विशेष ध्यान दिया है।

- Advertisement -spot_img

More articles

- Advertisement -spot_img

Latest article