प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश की सनातन संस्कृति को मिला नया गौरव : मुख्यमंत्री श्री साय
रायपुर, 11 मई 2026
सीएम विष्णु देव साय आज राजधानी रायपुर के महादेव घाट स्थित हाटकेश्वर महादेव मंदिर परिसर में आयोजित “सोमनाथ स्वाभिमान पर्व” में शामिल हुए। इस अवसर पर उन्होंने जनप्रतिनिधियों एवं श्रद्धालुओं के साथ गुजरात स्थित सोमनाथ मंदिर से वर्चुअली जुड़े प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा की गई पूजा-अर्चना का अवलोकन कर उनका संबोधन सुना।
प्रधानमंत्री ने सोमनाथ मंदिर के स्वर्णिम इतिहास, विदेशी आक्रांताओं द्वारा किए गए हमलों, मंदिर की पुनर्निर्माण यात्रा तथा आस्था केंद्रों के संरक्षण एवं संवर्धन के संकल्प पर बात साझा की।
मुख्यमंत्री श्री साय ने प्रदेशवासियों को “सोमनाथ स्वाभिमान पर्व” की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि 75 वर्ष पूर्व आज ही के दिन सोमनाथ मंदिर का पुनर्निर्माण पूर्ण हुआ था और इसी ऐतिहासिक अवसर को देशभर में स्वाभिमान पर्व के रूप में मनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सोमनाथ मंदिर पर अनेक बार बाहरी आक्रांताओं ने हमले किए, लेकिन मंदिर की आस्था और परंपरा को समाप्त नहीं किया जा सका। पहले आक्रमण में पुजारियों और श्रद्धालुओं ने मंदिर नहीं छोड़ा तथा प्राणों का बलिदान दिया।
श्री साय ने कहा कि स्वतंत्रता के बाद सरदार वल्लभ भाई पटेल ने सोमनाथ मंदिर के पुनर्निर्माण का संकल्प लिया था। प्रथम राष्ट्रपति डॉ. राजेंद्र प्रसाद ने तमाम विरोधों के बावजूद पुनर्निर्मित मंदिर के लोकार्पण में भाग लिया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश की सनातन संस्कृति और आध्यात्मिक परंपराओं को नया गौरव मिला है। काशी विश्वनाथ, महाकाल से लेकर सोमनाथ मंदिर तक व्यापक विकास कार्य हो रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने बताया कि छत्तीसगढ़ सरकार भी धार्मिक स्थलों के विकास के लिए कार्य कर रही है। शक्तिपीठ योजना से देवी मंदिरों का विकास हो रहा है। भोरमदेव महादेव मंदिर को स्वदेश दर्शन योजना के अंतर्गत 148 करोड़ रुपए की स्वीकृति मिली है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ माता कौशल्या की जन्मभूमि और भगवान श्रीराम का ननिहाल है। श्री रामलला दर्शन योजना से अब तक 40 हजार से अधिक श्रद्धालु अयोध्या दर्शन कर चुके हैं।
मुख्यमंत्री ने अंत में भाईचारे, सामाजिक समरसता और राष्ट्र की एकता को मजबूत बनाए रखने का आह्वान किया। कार्यक्रम में वन मंत्री श्री केदार कश्यप, राजस्व मंत्री श्री टंकराम वर्मा, कृषि मंत्री श्री रामविचार नेताम सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
- Advertisement -
- Advertisement -