रायपुर, 8 अप्रैल 2026
छत्तीसगढ़ में ऊर्जा संकट और गैस सिलेंडर की किल्लत के बीच आम जनता को राहत देने के लिए राज्य सरकार ने राशन कार्ड धारकों को सार्वजनिक वितरण प्रणाली (पीडीएस) के तहत फिर से मिट्टी का तेल (केरोसिन) उपलब्ध कराने का निर्णय लिया है। यह विशेष व्यवस्था अप्रैल 2026 से लागू की गई है, जिसे प्रारंभिक रूप से 60 दिनों के लिए मंजूरी दी गई है।
खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग के अनुसार केंद्र सरकार से प्राप्त प्रथम तिमाही (अप्रैल-जून) के कोटे में से कुल 528 किलोलीटर केरोसिन राशन कार्ड धारकों के लिए आवंटित किया गया है। सरकार ने सभी कलेक्टरों को समय पर वितरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
जिलेवार आवंटन में बिलासपुर जिले को सर्वाधिक 36 किलोलीटर केरोसिन दिया गया है। वहीं बस्तर, कांकेर, जांजगीर-चांपा, कोरबा, दुर्ग, बलौदाबाजार-भाटापारा, महासमुंद, रायपुर और जशपुर जिलों को 24-24 किलोलीटर आवंटित किया गया है। इसके अलावा राज्य के अन्य जिलों को 12-12 किलोलीटर केरोसिन उपलब्ध कराया गया है।
वितरण व्यवस्था के तहत शहरी क्षेत्रों में प्रति राशन कार्ड 1 लीटर तथा ग्रामीण क्षेत्रों में अधिकतम 2 लीटर केरोसिन दिया जाएगा। यह कदम विशेष रूप से उन परिवारों के लिए राहतकारी साबित होगा, जो गैस सिलेंडर की कमी के कारण दैनिक उपयोग में कठिनाइयों का सामना कर रहे हैं।
सरकार का यह निर्णय आम नागरिकों को तात्कालिक राहत देने के साथ-साथ आवश्यक वस्तुओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।
आम जनता को राहत: राशन कार्ड धारकों को फिर मिलेगा मिट्टी का तेल


