24.2 C
Raipur
Wednesday, July 22, 2026

22 जुलाई को बेमेतरा में चक्का जाम और विद्युत मंडल कार्यालय का घेराव:जिला कांग्रेस कमेटी

Must read

बेमेतरा | 20 जुलाई 2025
जिला कांग्रेस कमेटी बेमेतरा ने 22 जुलाई को दोपहर 12 बजे से 2 बजे तक बेमेतरा-कवर्धा बायपास मार्ग पर ग्राम चोरभट्टी के पास चक्का जाम करने का ऐलान किया है। यह विरोध प्रदर्शन प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) द्वारा पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के सुपुत्र चैतन्य बघेल की दुर्भावनापूर्ण गिरफ्तारी के खिलाफ आयोजित किया जा रहा है।
कांग्रेस पदाधिकारियों ने इसे विपक्ष की आवाज़ को दबाने की साजिश बताया है। जिला कांग्रेस कमेटी ने सभी कार्यकर्ताओं को इस विरोध प्रदर्शन में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहने का निर्देश जारी किया है। साथ ही आम नागरिकों से भी आह्वान किया गया है कि वे भाजपा सरकार की दमनकारी नीतियों और केंद्रीय एजेंसियों के दुरुपयोग के खिलाफ इस चक्का जाम में भाग लें।
बिजली दरों में चौथी बार वृद्धि पर भी विरोध
चक्का जाम के पश्चात कांग्रेस कार्यकर्ता बेमेतरा विद्युत संभाग कार्यालय का भी घेराव करेंगे। यह घेराव दोपहर 2 बजे से प्रस्तावित है, जिसका उद्देश्य भाजपा सरकार द्वारा चौथी बार विद्युत टैरिफ में वृद्धि और बेतरतीब बिजली बिलों का विरोध करना है। कांग्रेस नेताओं ने इसे आम जनता पर आर्थिक बोझ बताते हुए भाजपा शासन की जनविरोधी नीतियों की आलोचना की।
संविदा शिक्षकों की हड़ताल को कांग्रेस का समर्थन
पूर्व विधायक एवं जिला कांग्रेस अध्यक्ष आशीष छाबड़ा ने स्पष्ट किया कि कांग्रेस पार्टी स्वामी आत्मानंद स्मृति संविदा शिक्षक संघ की प्रदेशव्यापी हड़ताल का पूर्ण समर्थन करती है।
उन्होंने कहा कि जब भाजपा सरकार ने इन स्कूलों को शिक्षा विभाग में विलय कर दिया है, तो संविदा शिक्षकों को भी शासकीय सेवकों की तरह वेतन और भत्तों की सुविधाएं दी जानी चाहिए।
छाबड़ा ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार गरीब बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा से दूर करने का षड्यंत्र कर रही है। उन्होंने कहा, “भाजपा नहीं चाहती कि गांव-कस्बों के गरीब बच्चे अंग्रेजी माध्यम में शिक्षा प्राप्त करें, इसलिए स्वामी आत्मानंद स्कूलों को कमजोर किया जा रहा है।”
जिला कांग्रेस कमेटी ने शिक्षकों की दो प्रमुख मांगों — नियमित वेतन भुगतान और संविलियन — को न्यायोचित बताते हुए इसके लिए संघर्ष में साथ देने का भरोसा दिया है।

- Advertisement -spot_img

More articles

- Advertisement -spot_img

Latest article