रायपुर/बगिया/छत्तीसगढ़_21 अक्टूबर 2025
दीपावली के अवसर पर मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय आज अपने गृह ग्राम बगिया पहुँचे, जहाँ उन्होंने ग्रामीणों से आत्मीय मुलाकात कर उन्हें पर्व की शुभकामनाएँ दीं। इस दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण, महिलाएं, किसान, छात्र एवं सामाजिक संगठन के प्रतिनिधि मुख्यमंत्री से मिलने पहुंचे।
मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर आमजन से सीधे संवाद करते हुए उनकी समस्याएं सुनी और संबंधित विभागों को आवेदन सौंपे जाने पर समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने जिला प्रशासन के अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि लोगों की समस्याओं के निराकरण में कोई देरी न हो और सभी मामलों पर गंभीरता से कार्यवाही की जाए।
मुलाकात के दौरान लोगों ने स्वास्थ्य, शिक्षा, बिजली, सड़क, जनसुविधाएं एवं सरकारी योजनाओं से जुड़ी विभिन्न समस्याएं एवं सुझाव मुख्यमंत्री के समक्ष रखे।
मुख्यमंत्री ने सभी पहलुओं पर व्यक्तिगत रुचि लेते हुए संबंधित अधिकारियों से त्वरित कार्रवाई की बात कही।
ग्राम बगिया में दीपावली के इस आत्मीय मिलन समारोह ने जहां पर्व की खुशियों को दोगुना किया, वहीं मुख्यमंत्री द्वारा आमजन से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनना, जनता के साथ उनकी संवेदनशीलता और जुड़ाव को भी दर्शाता है।


