आरंग/रायपुर, 08 दिसंबर 2025
खबर मीडिया सूत्र:— छत्तीसगढ़ के आरंग क्षेत्र के निकट ग्राम रीवा में पुरातत्व विभाग की खुदाई में प्राचीन मुद्राओं से भरे हंडे जैसे बर्तन की खोज हुई है। लगभग 2000 से 2500 तक प्राचीन सिक्के मिलने की जानकारी मिली है, जो क्षेत्र के इतिहास को समझने में अहम साबित हो सकते हैं।
हालांकि, पुरातत्व विभाग ने अभी तक इन सिक्कों की आयु, धातु या महत्व को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी जारी नहीं की है। विभाग इन सिक्कों की जांच और काल निर्धारण कर रहा है, जिससे क्षेत्र के प्राचीन इतिहास का सही चित्र उभर सकेगा।
स्थानीय ग्रामीण इस खोज से उत्साहित हैं और चाहते हैं कि इस धरोहर को गांव में ही संरक्षित किया जाए। वे एक संग्रहालय बनाने की भी मांग कर रहे हैं ताकि यह ऐतिहासिक विरासत आने वाली पीढ़ियों तक सुरक्षित पहुंच सके।
ग्रामीणों का कहना है कि खुदाई का काम कोरोना महामारी के समय से चल रहा है, लेकिन अब तक उन्हें खुदाई में मिले अवशेषों के बारे में कोई विशेष जानकारी नहीं मिली है। मीडिया सूत्रों से ही खबर आ रही है कि खुदाई सफल रही है, लेकिन विभाग ने ग्रामीणों के साथ सूचनाएं साझा नहीं की हैं।
स्थानीय लोगों का अनुरोध है कि पुरातत्व विभाग जल्द ही खुदाई के परिणामों को सार्वजनिक करे और जनता को अवगत कराए ताकि क्षेत्र की प्राचीन संस्कृति और इतिहास बेहतर ढंग से समझा जा सके।


