महोत्सव युवाओं की ऊर्जा और प्रतिभा का उत्सव होगा, जिसका फाइनल नवंबर के अंतिम सप्ताह में रायपुर में होगा। अग्रवाल ने समाज के सभी वर्गों से सक्रिय भागीदारी का आह्वान किया।
रायपुर/21/09/2025जनचौपाळ36
रायपुर लोकसभा क्षेत्र में आगामी सांसद खेल महोत्सव 2025 को ऐतिहासिक और भव्य बनाने के लिए आज राजधानी रायपुर में विभिन्न खेल संघों के पदाधिकारियों, प्रतिनिधियों और जनप्रतिनिधियों की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने की और महोत्सव की कार्य योजना पर विस्तार से चर्चा की।
सांसद अग्रवाल ने कहा कि “यह महोत्सव केवल खेल प्रतियोगिता नहीं, बल्कि युवाओं की ऊर्जा, प्रतिभा और संगठन क्षमता का उत्सव है। गाँव-गाँव, स्कूल-स्कूल से होते हुए नवंबर के अंतिम सप्ताह में रायपुर में लोकसभा स्तर पर इसका भव्य फाइनल आयोजित होगा।”
उन्होंने सभी खेल संघों, समाज के विभिन्न वर्गों और युवाओं से सक्रिय भागीदारी का आह्वान करते हुए कहा कि खेल से न केवल शारीरिक और मानसिक विकास होता है, बल्कि खेल समाज को जोड़ते हैं और राष्ट्र की शक्ति व एकता का प्रतीक भी हैं।
बैठक में छत्तीसगढ़ एथलेटिक्स संघ के संरक्षक जी.एस. बामरा, टेनिस संघ के महासचिव गुरुचरण सिंह होरा, पूर्व विधायक कुलदीप जुनेजा, विश्वविद्यालयों के प्रतिनिधि और अन्य खेल संघों के पदाधिकारी उपस्थित रहे।
सांसद अग्रवाल ने विश्वास व्यक्त किया कि सभी की सहभागिता से रायपुर सांसद खेल महोत्सव 2025 को एक अविस्मरणीय आयोजन के रूप में स्थापित किया जाएगा।


