रायपुर के मास्टर प्लान में बड़ा बदलाव: 67 मीटर चौड़ी होगी जीई रोड, 11 सड़कें फिर होंगी शामिल

Must read

 रायपुर। राजधानी में बढ़ते यातायात दबाव और तेजी से हो रहे शहरी विस्तार को देखते हुए विकास योजना 2031 में सड़क नेटवर्क को लेकर बड़े संशोधन प्रस्तावित किए गए हैं। इसके तहत शहर की प्रमुख सड़कों की चौड़ाई बढ़ाने के साथ उन 11 मार्गों को भी मास्टर प्लान में दोबारा शामिल करने की तैयारी है, जिन्हें पिछली योजना से हटा दिया गया था।प्रस्ताव के अनुसार, जीई रोड के कुछ हिस्सों की चौड़ाई 30 से 37 मीटर से बढ़ाकर 67 मीटर करने की सिफारिश की गई है। वहीं, शांति सरोवर से लाभांडी तक एमआर-33 मार्ग को 50 मीटर चौड़ा रखने का प्रस्ताव है। एक्सप्रेस-वे की चौड़ाई भी 50 मीटर निर्धारित रखने की अनुशंसा की गई है।

23 सड़कों की चौड़ाई और 10 मार्गों का पुराना अलाइनमेंट होगा बहाल

सड़क नेटवर्क से जुड़े संशोधनों में कुल 23 मार्गों की चौड़ाई विकास योजना 2021 के अनुरूप बहाल करने की सिफारिश की गई है। इसके अलावा 10 सड़कों के पुराने अलाइनमेंट को फिर से लागू करने का प्रस्ताव है। इनमें एमआर-33 और एमआर-40 जैसे महत्वपूर्ण मार्ग शामिल हैं।प्रस्तावित बदलावों का उद्देश्य शहर के अलग-अलग इलाकों के बीच सड़क संपर्क बेहतर करना और आने वाले वर्षों में बढ़ने वाले यातायात के लिए पर्याप्त जगह उपलब्ध कराना है।

170 से अधिक आपत्तियों और सुझावों की समीक्षा के बाद तैयार हुआ प्रस्ताव

रायपुर की विकास योजना 2021 का प्रकाशन 7 अप्रैल 2008 को हुआ था। बाद में समीक्षा के बाद 24 जुलाई 2023 को विकास योजना 2031 जारी की गई। इस नई योजना में पहले प्रस्तावित कई सड़कों को हटा दिया गया था। कुछ मार्गों की चौड़ाई और दिशा में भी बदलाव किए गए थे।इन संशोधनों को लेकर शासन को बड़ी संख्या में आपत्तियां और सुझाव मिले। इसके परीक्षण के लिए 15 मार्च 2024 को नगर तथा ग्राम निवेश के संचालक की अध्यक्षता में एक समिति गठित की गई।

समिति ने 170 से अधिक आवेदनों का परीक्षण किया। इस दौरान दोनों विकास योजनाओं की तुलना के साथ राजस्व रिकॉर्ड, मौके की स्थिति, पहले जारी विकास अनुमतियों और भविष्य की यातायात जरूरतों का भी अध्ययन किया गया। इसके बाद सड़क नेटवर्क में बदलाव की सिफारिशें तैयार की गईं।

चौक-चौराहों और प्रमुख सड़कों की चौड़ाई भी दर्ज होगी

समिति ने विकास योजना में प्रमुख सड़कों और चौक-चौराहों के नाम के साथ उनकी निर्धारित चौड़ाई का विवरण दोबारा शामिल करने की अनुशंसा की है। वर्ष 2023 में जारी योजना में कई स्थानों पर यह जानकारी स्पष्ट रूप से उपलब्ध नही थी। इसके कारण विकास अनुमति जारी करने की प्रक्रिया में विसंगतियां सामने आने की बात कही गई है।अब संशोधित प्रस्ताव में सड़क की चौड़ाई और दिशा से जुड़ी जानकारी स्पष्ट रखने पर जोर दिया गया है, ताकि भविष्य में निर्माण और विकास संबंधी अनुमतियों में परेशानी कम हो।

नागरिकों को 15 दिन में दावा-आपत्ति दर्ज करने का अवसर

प्रस्तावित बदलावों पर आम नागरिकों से भी सुझाव और आपत्तियां मांगी गई हैं। छत्तीसगढ़ नगर तथा ग्राम निवेश अधिनियम, 1973 की धारा 23-क के तहत इसके लिए 15 दिन की अवधि निर्धारित की गई है।नागरिक संभागायुक्त कार्यालय, कलेक्टर कार्यालय, संयुक्त संचालक नगर तथा ग्राम निवेश के क्षेत्रीय कार्यालय और नगर निगम आयुक्त कार्यालय में संबंधित दस्तावेजों का अवलोकन कर सकते हैं। निर्धारित प्रक्रिया के तहत अपने दावे, आपत्तियां और सुझाव प्रस्तुत किए जा सकते हैं।

हरित क्षेत्र और जलाशयों से जुड़े मामलों की भी समीक्षा

सड़क नेटवर्क के अलावा हरित क्षेत्रों, जलाशयों और भूमि उपयोग से जुड़ी विसंगतियों पर मिली आपत्तियों की भी अलग से जांच की जा रही है। इन विषयों पर परीक्षण और आवश्यक कार्रवाई की प्रक्रिया जारी है।फिलहाल सड़क की चौड़ाई और अलाइनमेंट में बदलाव से जुड़े प्रस्ताव सामने आए हैं। दावा-आपत्ति की प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही इन संशोधनों पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

- Advertisement -spot_img

More articles

- Advertisement -spot_img

Latest article