बोल बम के जयघोष से शिवमय हुआ किरंदुल: सैकड़ों शिवभक्त बाबा बैद्यनाथ धाम देवघर की पावन कांवड़ यात्रा पर हुए रवाना
किरंदुल – 01 अगस्त 2026- रिपोर्ट – रवि सरकार
श्रावण मास की पावन बेला में आज किरंदुल नगर शिवभक्ति के रंग में पूरी तरह सराबोर नजर आया।भगवान भोलेनाथ के प्रति अटूट श्रद्धा,असीम विश्वास और अपार उत्साह के साथ सैकड़ों शिवभक्त बाबा बैद्यनाथ धाम,देवघर की पावन कांवड़ यात्रा के लिए रवाना हुए।
पूरे नगर में “बोल बम,हर-हर महादेव और जय बाबा बैद्यनाथ के गगनभेदी जयघोष से ऐसा भक्तिमय वातावरण बना कि मानो स्वयं शिव की नगरी धरती पर उतर आई हो।श्रद्धालुओं का जनसैलाब बस स्टैंड परिसर और नगर के प्रमुख मार्गों पर उमड़ पड़ा,भगवा वस्त्रों में सजे कांवड़िए हाथों में पवित्र कांवड़ लिए भजन-कीर्तन करते हुए आगे बढ़ रहे थे ।
महिलाएं, माताओ,बहनों,युवाओं और छोटे-छोटे बच्चों की सहभागिता ने इस यात्रा को और भी भव्य बना दिया।श्रद्धालु भोलेनाथ के भजनों पर झूमते,नृत्य करते और बोल बम के उद्घोष के साथ भक्ति की अलौकिक छटा बिखेरते हुए आगे बढ़े।
पूरा किरंदुल नगर शिवमय हो उठा और हर ओर केवल आस्था, श्रद्धा और भक्ति की अनूठी अनुभूति दिखाई दी,।इस पावन अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष रूबी शैलेंद्र सिंह, नगर पालिका उपाध्यक्ष बबलू सिद्दीकी,पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष शैलेंद्र सिंह सहित विभिन्न सामाजिक संगठनों के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में नगरवासी उपस्थित रहे ।
रूबी शैलेंद्र सिंह और बबलू सिद्दीक़ी ने सभी के लिए कांवड़ यात्रा की मंगल कामना की।सभी ने श्रद्धालुओं का पुष्पवर्षा और शुभकामनाओं के साथ स्वागत एवं उत्साहवर्धन किया तथा बाबा भोलेनाथ से सभी की मंगलमय यात्रा और सुख-समृद्धि की कामना की।
यात्रा में शामिल श्रद्धालुओं ने कहा कि बाबा बैद्यनाथ धाम की कांवड़ यात्रा केवल एक धार्मिक परंपरा नहीं, बल्कि सनातन संस्कृति,आस्था,सेवा, त्याग और सामाजिक एकता का जीवंत प्रतीक है,यह यात्रा मन, वचन और कर्म की पवित्रता का संदेश देती है तथा भगवान शिव के प्रति समर्पण की अद्भुत मिसाल प्रस्तुत करती है।
श्रद्धा,भक्ति और उल्लास से परिपूर्ण यह दिव्य यात्रा किरंदुल के इतिहास की यादगार धार्मिक आयोजनों में शामिल हो गई।बोल बम और हर-हर महादेव के गगनभेदी जयघोष से पूरा नगर देर तक गूंजता रहा।शिवभक्तों का यह विशाल जत्था बाबा बैद्यनाथ के दर्शन और जलाभिषेक के संकल्प के साथ देवघर की ओर प्रस्थान किया।
नगरवासियों ने हाथ जोड़कर शिवभक्तों को शुभयात्रा की मंगलकामनाएं दीं और भगवान भोलेनाथ से सभी के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि और कल्याण की प्रार्थना की। सभी भक्तों ने कांवड़ यात्रियों को भावभीनी विदाई दी।
- Advertisement -
- Advertisement -