बेमेतरा ,21 नवंबर 2026
खेत ही बचेगा तो किसान बचेगा। जन चौपाल 36 कहता है किसान है तो खेत है और खेत है तो,ही किसान है।
खबर देखिए , खेत बचाना है तो पहले मिट्टी को समझना होगा। इसी संदेश के साथ शुक्रवार को बेमेतरा के पेंड्रीतराई ग्राम पंचायत में किसान-वैज्ञानिक संवाद हुआ। भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद के संस्थान आईसीएआर-एनआईबीएसएम रायपुर के ‘खेत बचाओ अभियान – रबी 2026’ के तहत हुए इस कार्यक्रम में 37 किसानों ने हिस्सा लिया।
वैज्ञानिकों ने किसानों से सीधी बात की। उनकी समस्याएं सुनीं और रबी फसलों की पैदावार बढ़ाने के वैज्ञानिक तरीके बताए।
मिट्टी की जांच ही असली बचत है
संवाद में सबसे ज्यादा जोर मृदा स्वास्थ्य कार्ड और मृदा परीक्षण पर रहा। वैज्ञानिकों ने साफ कहा – बिना जांच के अंदाजे पर खाद डालना पैसा फेंकने जैसा है। मिट्टी में किस तत्व की कमी है, यह जानकर ही संतुलित उर्वरक डालें। इससे लागत घटेगी और खेत की ताकत भी बनी रहेगी।
वैज्ञानिकों ने कहा, एक ही फसल बार-बार लेने से मिट्टी थक जाती है। इसलिए फसल विविधीकरण अपनाएं। रबी में दलहनी फसलों को जगह दें। इससे मिट्टी को भी ताकत मिलेगी और किसान की आय भी बढ़ेगी।
तूफान-बारिश से फसल कैसे बचाएं
हाल में चक्रवाती मौसम से तेज हवा और बारिश ने किसानों को चिंता में डाल दिया है। इस पर वैज्ञानिकों ने खड़ी फसल की सुरक्षा, समय पर कटाई और कटाई के बाद उपज के सुरक्षित भंडारण की सावधानियां बताईं।
किसानों ने प्राकृतिक आपदा में फसल नुकसान पर मिलने वाले मुआवजे, पात्रता और आवेदन की प्रक्रिया पर भी सवाल पूछे। वैज्ञानिकों ने उन्हें पूरी जानकारी दी।
कार्यक्रम में डॉ. आशीष मराठे, डॉ. निरंजन प्रसाद, कृषि विज्ञान केंद्र के डॉ. लव कुमार और कृषि विभाग के डॉ. दर्शमेश कुमार ने किसानों से संवाद किया। इस दौरान सरपंच जमाधर साहू और शुभम गंधर्व भी मौजूद रहे।
खेत बचाओ अभियान का मकसद साफ है – मिट्टी बचाओ, पानी बचाओ, लागत घटाओ और जलवायु के हिसाब से खेती अपनाओ। ताकि रबी की फसल ज्यादा हो, किसान की जेब भी भरे और खेत आने वाली पीढ़ी के लिए भी उपजाऊ बना रहे।
