रायपुर, 7 जुलाई 2025 – आज रायपुर के साइंस कॉलेज मैदान में आयोजित कांग्रेस की ‘किसान-जवान-संविधान बचाओ’ जनसभा में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने भारतीय जनता पार्टी पर तीखा प्रहार करते हुए कहा कि “भाजपा आज डर और दहशत का माहौल बनाकर राजनीति कर रही है।”
खड़गे ने अपने संबोधन में कहा, “मोदी सरकार को जनता ने नहीं, दो पार्टियों ने फिर से सत्ता में पहुंचाया है। एक टांग चंद्रबाबू नायडू की है और दूसरी नितीश कुमार की। अगर इनमें से कोई एक भी टांग हट जाए तो सरकार गिर जाएगी।” उन्होंने आगे कहा, “अबकी बार 400 पार का नारा देने वाले मोदी, कांग्रेस को कमजोर मानते हैं, लेकिन रायपुर की यह सभा बताती है कि जनता अब सच्चाई पहचान चुकी है।”
ED और IT के छापों से डराने की कोशिश
खड़गे ने आरोप लगाया कि भाजपा कांग्रेस के अधिवेशनों और आंदोलनों को रोकने के लिए ईडी और इनकम टैक्स के जरिए दहशत फैलाती है। उन्होंने कहा, “हमारे नेताओं, मुख्यमंत्रियों तक को डराने की कोशिश हुई, लेकिन छत्तीसगढ़ के कांग्रेस कार्यकर्ता कभी झुके नहीं, और न झुकेंगे। भाजपा लोकतंत्र को कुचलना चाहती है, लेकिन हम संविधान की रक्षा के लिए संघर्षरत हैं।”
प्रदेश की दुर्दशा पर भी कांग्रेस नेताओं का हमला
जनसभा में कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज ने राज्य सरकार को आड़े हाथों लेते हुए कहा, “प्रदेश में स्कूल बंद हो रहे हैं और शराब की दुकानें खुल रही हैं। युवाओं के लिए रोजगार नहीं, और सरकार उद्योगपतियों को जल, जंगल, जमीन सौंप रही है।”
पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने सरकार की व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा, “बरसात के बावजूद हजारों कार्यकर्ता यहां पहुंचे, यह बताता है कि जनता में जोश है। स्कूल खुले हैं, लेकिन किताबें नहीं; खेती शुरू हो गई है, लेकिन बीज और खाद गायब हैं।”
सचिन पायलट ने कार्यकर्ताओं में भरा जोश
कांग्रेस नेता सचिन पायलट ने सभा को संबोधित करते हुए कहा, “बारिश की परवाह किए बिना कार्यकर्ता जुटे हैं, यह दिखाता है कि कांग्रेस आज भी जनता की भावना से जुड़ी है। भाजपा की केंद्र सरकार पूर्ण बहुमत में नहीं है और छत्तीसगढ़ की सरकार भी ‘रिमोट कंट्रोल’ से चल रही है।”
हसदेव में पेड़ों की कटाई पर चरणदास महंत का बड़ा आरोप
विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष चरणदास महंत ने कहा, “भाजपा ‘एक पेड़ मां के नाम’ की बात करती है, लेकिन 13 दिसंबर को मुख्यमंत्री की शपथ से पहले ही 11 दिसंबर को हसदेव क्षेत्र में 225 एकड़ जंगल साफ कर दिया गया। अब तक 15,000 से अधिक पेड़ों की कटाई की गई है।”
कांग्रेस का आह्वान – संविधान और संसाधनों की रक्षा के लिए उठ खड़े हों
कार्यक्रम में कांग्रेस नेताओं ने एक स्वर में केंद्र और राज्य सरकार पर लोकतंत्र व संविधान को कमजोर करने का आरोप लगाते हुए जनता से आह्वान किया कि “संविधान, किसान और जवान की रक्षा के लिए भाजपा की जनविरोधी नीतियों का डटकर मुकाबला करें।”
कांग्रेस की ‘किसान-जवान-संविधान बचाओ’ जनसभा में गरजे खड़गे: कहा – “मोदी सरकार दो टांगों के सहारे चल रही है”


