रायपुर | कबीरधाम_13दिसम्बर 2025
कबीरधाम जिले के विकास इतिहास में गुरुवार का दिन एक महत्वपूर्ण उपलब्धि के रूप में दर्ज हो गया, जब मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने नवीन शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय के निर्माण स्थल पर शिला-स्थापना कर जिले को ऐतिहासिक सौगात दी। इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह एवं उप मुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा विशेष रूप से उपस्थित रहे।
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि मेडिकल कॉलेज की स्थापना से कबीरधाम जिले में चिकित्सा सुविधाओं के एक नए युग की शुरुआत हुई है। इससे न केवल जिले का स्वास्थ्य ढांचा सुदृढ़ होगा, बल्कि विशेषज्ञ चिकित्सकों की उपलब्धता, आधुनिक उपचार सुविधाएँ और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएँ स्थानीय स्तर पर ही आम जनता को मिल सकेंगी। उन्होंने कहा कि लंबे समय से लंबित यह मांग अब साकार हुई है, जिससे गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए बाहर जाने की मजबूरी कम होगी।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कवर्धा में श्री पंचमुखी बूढ़ा महादेव रिवर फ्रंट निर्माण तथा रवेली में महाविद्यालय खोलने की भी घोषणा की। उन्होंने बताया कि पिछले दो वर्षों में जिले के स्वास्थ्य ढांचे को मजबूती मिली है। सीटी स्कैन, क्रिटिकल केयर यूनिट और अस्पताल की बिस्तर क्षमता बढ़ाए जाने से इलाज अधिक सुलभ हुआ है।
विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने कहा कि मेडिकल कॉलेज की स्थापना कवर्धा के इतिहास में स्वर्णिम अध्याय है। यह स्वास्थ्य, शिक्षा और रोजगार के नए अवसर सृजित करेगा। उप मुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा ने बताया कि 40 एकड़ परिसर में बनने वाले इस मेडिकल कॉलेज के लिए 306 करोड़ रुपये से अधिक की राशि स्वीकृत की गई है और 50 सीटों के साथ शैक्षणिक सत्र प्रारंभ करने की तैयारी पूरी है।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने स्व सहायता समूहों को 7 करोड़ 78 लाख रुपये की राशि का चेक वितरण किया। इस राशि से ग्रामीण महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने और आजीविका सशक्त करने में मदद मिलेगी।
कुल मिलाकर, मेडिकल कॉलेज की शिला-स्थापना कबीरधाम जिले को स्वास्थ्य, शिक्षा और विकास की नई दिशा देने वाला कदम साबित होगी।


