34.4 C
Raipur
Saturday, March 7, 2026

पत्रकारों की लेखनी पर्यटन को नई दिशा देने का सशक्त माध्यम: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय

Must read

रायपुर, 21 दिसंबर 2025

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि पत्रकारों की लेखनी केवल सूचना देने तक सीमित नहीं है, बल्कि वह पर्यटन को प्रोत्साहित करने और किसी राज्य की सांस्कृतिक पहचान को मजबूत करने का प्रभावी माध्यम भी है। उन्होंने कहा कि यदि पत्रकार अपने अनुभवों को संवेदनशीलता और तथ्यपरकता के साथ प्रस्तुत करें, तो वे पर्यटकों के लिए विश्वसनीय मार्गदर्शक बन सकते हैं।

मुख्यमंत्री से राजस्थान के अंतर्राज्यीय अध्ययन भ्रमण से लौटे छत्तीसगढ़ के पत्रकारों के दल ने राजधानी रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास में सौजन्य मुलाकात की। इस दौरान पत्रकारों ने 15 से 20 दिसंबर के बीच राजस्थान भ्रमण के अनुभव साझा किए और वहां की विधायिका, प्रशासनिक कार्यप्रणाली तथा पर्यटन क्षेत्र में अपनाए गए नवाचारों की जानकारी दी।

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार ने पत्रकारों के लिए अंतर्राज्यीय अध्ययन भ्रमण कार्यक्रम इस उद्देश्य से शुरू किया है कि अन्य राज्यों के सफल मॉडलों को समझकर प्रदेश में भी नई और प्रभावी पहल की जा सके। उन्होंने पत्रकारों से आग्रह किया कि वे इस यात्रा के अनुभवों को यात्रा-वृत्तांत के रूप में प्रस्तुत करें, जिससे आम पर्यटकों को लाभ मिलेगा।

पर्यटन की अपार संभावनाओं पर प्रकाश डालते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार पर्यटन के समग्र विकास के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। पर्यटन को राज्य की नई उद्योग नीति में शामिल किया गया है और सुदूर वनांचलों में होम-स्टे को बढ़ावा दिया जा रहा है, जिससे स्थानीय लोगों को रोजगार और आय के नए अवसर मिलेंगे।

मुख्यमंत्री ने विशेष रूप से बस्तर क्षेत्र का उल्लेख करते हुए कहा कि प्राकृतिक सौंदर्य की दृष्टि से यह क्षेत्र स्वर्ग के समान है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के संकल्प के अनुरूप मार्च 2026 तक नक्सलवाद के उन्मूलन की दिशा में सरकार दृढ़ता से कार्य कर रही है। उन्होंने इसे प्रदेश के लिए गौरव की बात बताया कि धुड़मारास को विश्व के 20 प्रमुख पर्यटन स्थलों में शामिल किया गया है।

इस अवसर पर पत्रकारों द्वारा दिए गए सुझावों का मुख्यमंत्री ने स्वागत किया और उन पर गंभीरता से विचार कर अमल करने का आश्वासन दिया।
- Advertisement -spot_img

More articles

- Advertisement -spot_img

Latest article